शिक्षित व्यक्ति ही देश और समाज के बारे में सोच सकता है
0 मुंशी काली प्रसाद कुलभाष्कर की जयंती समारोह में बोले न्यायमूर्ति हर्ष कुमार
0 जयंती पर निकाली गई शोभा यात्रा, केपी कम्यूनिटी में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट की ओर से रविवार को मुंशी काली प्रसाद कुलभाष्कर की जयंती मनाई गई। समारोह की शुरूआत सुबह हवन, पूजन एवं भजन से हुई। इस अवसर पर सुबह केपी गर्ल्स इंटर कॉलेज से शोभा यात्रा निकाली गई, जो केपी इंटर कॉलेज पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें ट्रस्ट के सभी विद्यालयों के विद्यार्थी, अध्यापक आदि शामिल हुए। शाम को केपी कम्यूनिटी सेंटर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ प्रयास संस्था ने भी कार्यक्रम आयोजित कर मुंशीजी को याद किया।
केपी कम्यूनिटी सेंटर में रंगारंग सांस्कृतिक का शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति हर्ष कुमार, ट्रस्ट के अध्यक्ष चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह एवं पूर्व महापौर चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह से दीप जलाकर किया। इस मौके पर बच्चों ने नृत्य, गीत, सामूहिक गीत, वंदना आदि मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि ने कहा कि मुंशीजी का नाम पूरे देश में सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने कायस्थ पाठशाला की स्थापना की, जिससे शिक्षित होकर लोगों ने देश के विकास में अपना योगदान दिया। कहा कि शिक्षित व्यक्ति ही देश और समाज के बारे में सोच सकता है। अध्यक्षता कर रहे ट्रस्ट के अध्यक्ष ने कहा कि अधिक से अधिक बच्चे कायस्थ पाठशाला में शिक्षा प्राप्त कर देश एवं प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ भेंट किया।
चौधरी जीतेंद्र नाथ सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। महामंत्री एसडी कौटिल्य ने मुख्य अतिथि का परिचय कराया। इसमें पूर्व महापौर डॉ.केके श्रीवास्तव, हनुमान प्रसाद श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, सुधा प्रकाश, आभा श्रीवास्तव आदि मौजूद थीं। प्रयास संस्था की ओर से ‘आधुनिक शिक्षा के क्षेत्र में मुंशी काली प्रसाद का योगदान’ विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें मुख्य अतिथि केपी ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष टीपी सिंह ने विषय प्रवर्तन करते हुए कहा कि मुंशीजी ने कायस्थ समाज, राष्ट्र के विकास एवं शिक्षा के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान दिया। अध्यक्षता रहे कृपाशंकर श्रीवास्तव ने मुंशीजी कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही उनकी जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग की। संचालन संस्था के अध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव एवं धन्यवाद ज्ञापन पीसी वर्मा ने किया। इसमें रिंकू श्रीवास्तव, रंजीत श्रीवास्तव, डॉ.सुशील सिन्हा, अखिलेश श्रीवास्तव, सागर श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।
00
प्रथम राष्ट्रपति डॉ.राजेंद्र प्रसाद को किया याद
इलाहाबाद। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से अशोक नगर स्थित कार्यालय में रविवार को देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती मनाई गई। इस मौके पर संगोष्ठी आयोजित की गई। इसके पहले लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। गोष्ठी में मुख्य वक्ता युवा प्रकोष्ठ के महासचिव सुमित श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने स्वाधिनता आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई और स्वतंत्रता के बाद भारतीय लोकतंत्र के पहले राष्ट्रपति के पद को सुशोभित किया। अध्यक्षता अमित श्रीवास्तव ने की। इसमें सौरभ श्रीवास्तव, अरुण श्रीवास्तव, राजू श्रीवास्तव, अमरीश, डॉ.राजेश, हरिमोहन वर्मा, हरीश खरे आदि मौजूद थे।