चरवा। चायल ब्लॉक के चरवा पनवरिया गांव में 30 शौचालय बने हैं। निर्माण में जमकर धांधली की गई थी। जिम्मेदारों ने सरकारी धन से बंदरबांट किया। एक आंधी ने हकीकत से पर्दा उठा दिया। दरवाजे इतने घटिया लगाए गए थे कि वह हवा में उड़ गए। अब पंचायत सचिव ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई कराने की चेतावनी दे रहे हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
स्वच्छता कार्यक्रम के तहत गांव-गांव शौचालय बनवाए जा रहे हैं। चरवा के पनवरिया गांव में 30 शौचालय बने हैं। लाभार्थी शांति दवी, भगवनिया, सम्मारे, फुर्तीलाल, राकेश, भैय्यन, ननका, रामचंद्र, श्रीचंद्र, विक्की, रज्जन, दिलीप आदि का कहना है कि निर्माण बहुत घटिया हुआ है। वह खुद काम कर रहे थे। इसके बावजूद घटिया मसाला प्रयोग किया। मानक के हिसाब से गड्ढा नहीं बनाया गया।
दरवाजा इतना घटिया लगाया कि पिछले दिनों आई आंधी में वह उड़ गया। शौचालयों के टूटे दरवाजे इसकी तस्दीक कर रहे हैं। शौचालयों के दरवाजे टूटने पर पंचायत सचिव अब उनको धमकी दे रहा है कि वह उनके खिलाफ एफआईआर करा देगा। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि धांधली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पंचायत सचिव उनको चेतावनी दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शौचालय उपयोग लायक नहीं है, इसलिए वह खुले में जाने को मजबूर हैं। मामले में डीपीआरओ कमल किशोर का कहना है कि वह जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।
हवा में उड़ गए शौचालयों के दरवाजे
शौचालय निर्माण में जमकर हुई धांधली, ग्रामीणों में गुस्सा