फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अखिलेश को रोकने पर प्रयागराज में बवाल, पथराव से एसपी, सीओ समेत 12 पुलिसकर्मी चोटिल

Wed, 13 Feb 2019 01:12 AM IST
विनोद सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
विज्ञापन
लखनऊ एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ वार्षिकोत्सव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को आने से रोकने पर शहर में मंगलवार को जमकर बवाल हुआ। बालसन चौराहे पर चक्काजाम कर रहे सपाइयों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान सांसद धर्मेंद्र यादव का सिर फूट गया, जबकि सांसद नागेंद्र सिंह पटेल को अंदरूनी चोटें आईं। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक सपाई घायल हो गए। इसके बाद हुए पथराव में एसपी सिटी व सीओ समेत 12 से अधिक पुलिस कर्मी भी चोटिल हो गए। कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने तीन सपा सांसदों समेत 187 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। देर शाम सभी को निजी मुचलके पर रिहाकर दिया गया।

विज्ञापन



इविवि के छात्रसंघ का वार्षिकोत्सव छात्रसंघ भवन पर सुबह 10 बजे से निर्धारित था, जिसमें अखिलेश यादव को मुख्य अतिथि बनाया गया था। हालांकि प्रशासन ने अखिलेश यादव के  कार्यक्रम में शामिल होने पर पहले से ही रोक लगा दी थी। बवाल की आशंका पर इविवि प्रशासन ने भी सपा मुखिया से पत्र लिखकर समारोह में न आने का आग्रह किया था। इधर वार्षिकोत्सव में शामिल होने के लिए बदायूं सांसद धर्मेंद्र यादव, गोरखपुर के सांसद प्रवीण निषाद मंगलवार तड़के ही शहर पहुंच गए थे। दोनों सांसद कार्यकर्ताओं के साथ जब अखिलेश के स्वागत के लिए सुबह 11 बजे बम्हरौली एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोके जाने की जानकारी मिली।

इस पर सभी बम्हरौली से नारेबाजी करते हुए लौटने लगे। सांसद धर्मेंद्र यादव को हाईकोर्ट पर रोक दिया गया, लेकिन पुलिस से झड़प के बाद उन्हें विश्वविद्यालय जाने दिया गया। इस बीच हाईकोर्ट के सामने समाजवादी अधिवक्ता सभा ने फ्लाईओवर पर चक्काजाम कर दिया। लेकिन पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवा दिया।दोपहर में लगभग सवा दो बजे विश्वविद्यालय में छात्रसंघ वार्षिकोत्सव में शामिल होने के बाद सांसद धर्मेंद्र के नेतृत्व में सपाई पैदल मार्च निकालकर बालसन चौराहा पहुंचे और वहां चक्काजाम कर दिया। जब पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो सपाई भिड़ गए। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया तो चौराहे के दूसरी ओर खड़ी भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया और हशिमपुर रोड पर एक दर्जन से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ की गई। लाठीचार्ज के दौरान सपा सांसद धर्मेंद्र यादव का सिर फूट गया, वहीं फूलपुर सांसद नागेंद्र सिंह को भी चोटें आईं।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें