घर के भीतर काम करते समय करंट की चपेट में आने से 11वीं की छात्रा की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
लालगंज कोतवाली के कटरा मातादीन पुरवारा निवासी मनोज कुमार तिवारी की पुत्री प्रतिभा (16) स्थानीय विद्यालय में कक्षा 11 की छात्रा थी। सोमवार की सुबह सात बजे वह घर के भीतर साफ-सफाई कर रही थी। इस दौरान अचानक उसकी करंट की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने भीतर जाकर देखा। छात्रा का शव देख लोग सन्न रह गए। घटना के चलते परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर जुटे ग्रामीणों की किसी तरह ढांढस बंधाकर परिजनों को शांत कराया। दोपहर में परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए। मामले की सूचना पुलिस को नहीं हो सकी। कोतवाल ने बताया कि छात्रा की मौत की जानकारी नहीं है। परिजनों की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।