आज जारी हो सकते हैं प्रवेश पत्र
0 15 दिसंबर को होनी है असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती परीक्षा
0 तीन चरणों में होगी परीक्षा, पहले चरण में 15 हजार अभ्यर्थी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग की ओर से विज्ञापन 47 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी है। 15 दिसंबर से तीन चरणों में परीक्षा शुरू होनी है। आयोग सोमवार को आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र ऑनलाइन जारी कर सकता है। प्रवेशपत्र जारी करने में आ रही तकनीकी अड़चन अब दूर कर ली गई है।
हालांकि सोमवार से परीक्षा के आयोजन को महज छह दिन शेष रह जाएंगे और रविवार तक प्रवेशपत्र जारी न होने से अभ्यर्थियों के बीच उहापोह की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि आयोग की ओर से परीक्षा के लिए केंद्रों का निर्धारण किया जा चुका है। पहले चरण की परीक्षा 15 दिसंबर को होनी है। पहले चरण में विज्ञापन संख्या 47 के तहत 23 विषयों और विज्ञान संख्या 46 के तहत एक विषय वाणिज्य में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा होनी है। इसमें 15 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को शामिल होना है। वहीं, दूसरे चरण की परीक्षा पांच जनवरी और तीसरे चरण की परीक्षा 12 जनवरी को होगी। आखिरी दोनों चरणों में छह-छह विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए भर्ती परीक्षा होनी है।
पहले चरण की परीक्षा नजदीक है और नौ दिसंबर तक अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र जारी नहीं किए गए। अभ्यर्थी परीक्षा के आयोजन को लेकर पशोपेश में है। हालांकि उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के अध्यक्षा प्रो. ईश्वर शरण विश्वकर्मा का कहना है कि तकनीकी अड़चनों के कारण प्रवेशपत्र जारी नहीं हो सके थे। संबंधित एजेंसी की ओर से बताया गया कि तकनीकी अड़चन दूर कर ली गई है और सोमवार को प्रवेशपत्र अपलोड किए जाने की पूरी संभावना है। अध्यक्ष के मुताबिक पहले चरण में ऐसे विषयों की परीक्षा है, जिसमें अभ्यर्थियों की संख्या कम है। आखिरी के दो चरणों में बड़े विषयों की परीक्षा होनी है। तीन चरणों में तकरीबन 50 हजार अभ्यर्थियों को शामिल होना है।