0000000000000000
वंडर सिटी को नर्क बना रहा है एडीए
0 आवंतिका आवास कालोनी में सीवर न डालने पर हाईकोर्ट सख्त टिप्पणी
0 जिलाधिकारी प्रयागराज और एडीए वीसी कोर्ट में तलब
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर तीखी टिप्पणी करते हुए हाईकोर्ट ने कहा है कि एडीए वंडर सिटी को नर्क बना रहा है। अवंतिका आवास योजना में अब तक सीवर लाइन न डालने पर मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर और न्यायमूर्ति सीडी सिंह की खंडपीठ ने सात दिसंबर तक आवास योजना में सीवर लाइन डालने की पूरी कार्ययोजना पेश करने का निर्देश दिया है। कहा है कि यदि कार्ययोजना तैयार नहीं होती है तो डीएम प्रयागराज और एडीए उपाध्यक्ष कोर्ट में हाजिर रहें।
विजय शंकर गुप्ता की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए पीठ ने कहा कि सड़कों पर कूड़े का ढेर लगा है, सीवर, नालों और सड़कों की सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। हमें साफ-सुथरा शहर चाहिए, हम गुड गर्वेनेंस चाहते हैं और एडीए तथा जल संस्थान यह नहीं तय कर पा रहे हैं कि अवंतिका कालोनी में सीवर लाइन डालने का जिम्मा किस विभाग का है।
याचिका में कहा गया है कि अवंतिका आवास कालोनी का निर्माण एडीए ने किया है। रिहायशी कालोनी होने के बावजूद इसमें सीवर लाइन नहीं डाली गई है। इससे कालोनी में जल निकासी की गंभीर समस्या है। एडीए के अधिवक्ता का कहना था कि जल संस्थान से बात चल रही है। जल्दी ही इस मामले में निर्णय ले लिया जाएगा। अगली सुनवाई सात दिसंबर को होगी।