इलाहाबाद के बाद अब फैजाबाद का योगी बदलेंगे नाम
क्रासर
अचानक वासुदेवानंद से मिलने अलोपीबाग पहुंचे सीएम, फैजाबाद का नाम अयोध्या करने का किया वादा
गंगा-यमुना, सरयू की निर्मलता और घाटों के सौंदर्यीकरण पर गुफ्तगू,कुंभ में सुविधाओं के विस्तार पर वासुदेवानंद ने सरकार के कदमों को सराहा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की रात अचानक स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती से मिलने अलोपीबाग पहुंचे। अलोपीबाग स्थित शंकराचार्य आश्रम में सीएम ने करीब आधे घंटे तक वासुदेवानंद से प्रयाग कुंभ से लेकर गंगा-यमुना और सरयू की निर्मलता, घाटों के सौंदर्यीकरण पर चर्चा की। सीएम ने यहां कहा कि इलाहाबाद का नाम प्रयागराज करने का प्रस्ताव पारित हो गया अब जल्द ही फैजाबाद स्टेशन का नाम अयोध्या करने के लिए कदम उठाएंगे। कुंभ में संतों-भक्तों को दी जा रही सुविधाओं पर स्वामी वासुदेवानंद ने संतोष जाहिर किया।
परेड में पांटून पुलों के निर्माण का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद सीएम रात 11 बजे सीधे अलोपीबाग स्थित शंकराचार्य आश्रम पहुंचे। वहां स्वामी वासुदेवानंद ने अंगवस्त्रम से उनका स्वागत किया। दिव्य कुंभ -भव्य कुंभ की अवधारणा के तहत हो रहे कार्यों और सुविधाओं के विस्तार पर वासुदेवानंद ने सीएम के प्रयासों की सराहना की। वासुदेवानंद को सीएम ने बताया कि स्थलीय निरीक्षण के पहले इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज रखने का प्रस्तावि पारित कर दिया गया। इस पर वहां मौजूद लोगों ने खुशी जाहिर की। वासुदेवानंद ने कहा कि प्रयागराज की तरह ही फैजाबाद का भी नाम बदलकर अयोध्या कर दिया जाना चाहिए। इस पर सीएम का कहना था कि फैजाबाद स्टेशन का नाम जल्द ही अयोध्या करने की दिशा में प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सीएम ने कुंभ में संतों-भक्तों को डुबकी लगाने के लिए गंगा की निर्मल धारा देने का वचन दोहराया। साथ ही कहा कि गंगा-यमुना के साथ ही सरयू के घाटों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इस मौके पर नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह, उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी के अलावा एडीजी एसएन सावत, मंडलायुक्त आशीष गोयल, डीएम सुहास एलवाई, आईजी मोहित अग्रवाल, एसएसपी नितिन तिवारी, कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद समेत कई अफसर मौजूद थे।