मनौरी से इलाहाबाद के बीच स्पेशल ट्रेन पर जीएम लेंगे निर्णय
0 सोमवार को जीएम राजीव अग्रवाल का इलाहाबाद आने का है कार्यक्रम
0 जिला प्रशासन ने की है मनौरी से जंक्शन के बीच ट्रेन चलाने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। कानपुर रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन की वजह से लग रहे जाम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से मनौरी से इलाहाबाद जंक्शन के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की गई है। जिला प्रशासन की इस मांग पर डीआरएम इलाहाबाद ने संबंधित पत्र उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय को भेज दिया है। अब इस संबंध में अंतिम रूप से जीएम एनसीआर राजीव अग्रवाल ही निर्णय लेंगे। बताया जा रहा है जीएम सोमवार को गोरखपुर से इलाहाबाद आ रहे हैं। उनके आने के बाद ही तय होगा कि मनौरी से इलाहाबाद के बीच स्कूलों एवं कार्यालयों के खुलने एवं बंद होने के समय स्पेशल ट्रेन चलाई जा सकती है या नहीं।
मंगलवार सात अगस्त से हाईकोर्ट फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते कानपुर रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन लगा दिया गया है। इस वजह से शहर पश्चिम के तमाम मोहल्लों में रहने वाले लोगों को दिक्कत हो रही है। दिन भर चौफटका, हिम्मतगंज, खुल्दाबाद मार्ग पर जाम की वजह से स्थानीय लोग भी परेशान है। स्कूल-कालेज एवं कार्यालयों के खुलने एवं बंद होने के समय समस्या कुछ ज्यादा ही बढ़ जा रही है। इसे देखते हुए पिछले सप्ताह जिलाधिकारी इलाहाबाद की ओर से डीआरएम इलाहाबाद और जीएम एनसीआर को पत्र लिखकर स्कूल-कालेजों के खुलने एवं उनके बंद होने के समय स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की गई। उनका पत्र शुक्रवार को ही डीआरएम इलाहाबाद को मिला। उन्होंने वह पत्र जीएम एनसीआर को भेज दिया। डीआरएम अमिताभ का तर्क है स्पेशल ट्रेन संचालन संबंधी निर्णय जीएम स्तर पर ही होता है। इस बारे में एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल का कहना है कि जीएम एनसीआर सोमवार या मंगलवार को इलाहाबाद आएंगे। रेलवे तमाम पहलुओं को देख रहा है कि संबंधित समय स्पेशल ट्रेन चलाई जा सकती है या नहीं। जीएम एनसीआर के आने के बाद ही इसमें आगे की कार्रवाई होगी।