यात्रीगण, इस बार समयसारिणी से चलेगी कुंभ की स्पेशल ट्रेनें
0 अभी तक भीड़ देखकर ही रेलवे करता था कुंभ मेले के दौरान स्पेशल ट्रेनों का संचालन
0 मेला क्षेत्र के साथ ही शहर के सभी स्टेशनों पर लगाई जाएगी विशेष रेल गाड़ियों की समयसारिणी
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
वर्ष 2013 में लगे कुंभ मेले के दौरान जंक्शन पर हुए हादसे की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रशासन इस बार नई व्यवस्था करने जा रहा है। वर्ष 2019 में लगने वाले कुंभ मेले के मद्देनजर स्पेशल ट्रेनों के संचालन के लिए खास इंतजाम रहेंगे। तय किया है कि इस बार भीड़ बढ़ने पर नहीं, बल्कि पूर्व में घोषित समयसारिणी के हिसाब से ही स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।
दरअसल, पिछले कुंभ मेले के दौरान जंक्शन पर मची भगदड़ के तमाम कारण बताए गए थे। एक वजह यह भी बताई गई थी कि उस दौरान रेलवे द्वारा स्पेशल ट्रेनों को चलाने का कोई समय निर्धारित नहीं था। तब भीड़ के हिसाब से ही विभिन्न रूटों पर ट्रेनें चलाई गईं। इसी आपाधापी में मौनी अमावस्या के दिन जब एक स्पेशल ट्रेन चलाने का एनाउंसमेंट हुआ तो एकाएक भीड़ का रेला जंक्शन के अंदर दाखिल हो गया और भगदड़ मच गई। इस हादसे में कई यात्रियों की जान गई थी। ऐसी घटना दोबारा न हो इसके लिए एनसीआर महाप्रबंधक एमसी चौहान के नेतृत्व में रेल अफसरों ने मंथन कर निर्णय लिया कि इस बार कुंभ के दौरान स्पेशल ट्रेनों की अलग से समयसारिणी बनाई जाए। डीआरएम इलाहाबाद की माने तो कुंभ मेले के दौरान इस बार सौ स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी है। इन सभी की अलग से समयसारिणी बनाई जाएगी। इसका व्यापार प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। मेला क्षेत्र के अलावा जंक्शन एवं आसपास के स्टेशनों में भी इसे लगाया जाएगा, ताकि यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों के आगमन प्रस्थान की जानकारी के लिए भटकना न पड़े। इस व्यवस्था से यात्रियों को भी सहूलियत मिलेगी। वे संबंधित ट्रेन की रवानगी के वक्त ही स्टेशन परिसर में दाखिल होंगे। इससे जंक्शन पर अफरा तफरी भी नहीं मचेगी।