कई मोहल्लों में गरजा जेसीबी, हटाया अतिक्रमण
इलाहाबाद। नगर निगम की तीन टीमों ने मंगलवार को शहर के तीन जोनों में अतिक्रमण के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान 21 टिन शेड, 12 टट्टर, 14 गुमटी हटाकर 11 भट्टियां तोड़ दीं। अभियान के दौरान जेसीबी से कुछ रैंप और चबूतरे तोड़कर नालियां खोली गईं।
ट्रैफिक चौराहे से राजापुर ढाल होते हुए रोडवेज वर्कशॉप से हीरा हलवाई चौराहे तक जोनल अधिकारी रविंद्र सिंह की अगुवाई में अतिक्रमण हटाया गया। दूसरे दस्ते ने जोनल अफसर शरदेंदु के नेतृत्व में अग्रसेन चौराहे के चारों ओर, सरोजनी नायडू पार्क से जीरो रोड बस अड्डे के रास्ते मानसरोवर चौराहे तक अतिक्रमण हटाया गया। तीसरा दस्ता जोनल अधिकारी मुन्ना लाल के नेतृत्व में अल्लापुर लेबर चौराहे से दारागंज सुलभ शौचालय , रैन बसेरों के इर्दगिर्द अतिक्रमण हटाया गया। कार्रवाई के समय लोगों को अतिक्रमण खुद हटाने और न करने के लिए प्रेरित भी किया गया।