इलाहाबाद आने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों में नो रूम
0 त्योहार के एक दिन पहले विलंब से गई संगम और नौचंदी
0 18 घंटे की देरी से आई भागलपुर गरीब रथ एक्सप्रेस
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। दिवाली के एक दिन पहले दिल्ली से इलाहाबाद आने वाली सभी प्रमुख ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची के बाद नो रूम हो गया। प्रयागराज हो या फिर रीवा एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्र मेल हो या फिर पुरुषोत्तम। इन सभी ट्रेनों के स्लीपर, थर्ड एसी श्रेणी में नो रूम (रिग्रेट) होने से यात्रियों को खासी परेशानी हुई। इस बीच इलाहाबाद जंक्शन पर ट्रेनों की लेटलतीफी ने भी यात्रियों को परेशान किए रखा। प्रयागराज समेत कई ट्रेनें घंटों देरी से इलाहाबाद पहुंची।
दिवाली के एक दिन पूर्व ट्रेनों में भीड़ उमड़नी तय थी। ऐसा हुआ भी। अपनों संग त्योहार मनाने की बेताबी लोगों में ऐसी रही कि उन्होंने भीड़ की भी परवाह नहीं की। इलाहाबाद से विभिन्न स्थानों की ओर जाने वाली ट्रेनों में बुधवार को यात्रियों की भारी भीड़ रही। शाम को संगम रवानगी के दौरान उसके आरक्षित कोचों का हाल जनरल कोच सरीखा हो गया। जिसे जहां जगह मिली वह वहीं चादर बिछाकर बैठ गया। यही हाल दिल्ली से इलाहाबाद आने वाली प्रमुख ट्रेनों में भी रहा। लंबी प्रतीक्षा सूची के बाद रीवा, शिवगंगा एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम, महाबोधि, नई दिल्ली-मंडुवाडीह एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में नो रूम हो गया। वहीं दूसरी ओर जंक्शन आने वाली ट्रेनोें की लेटलतीफी ने भी यात्रियों को खासा परेशान किए रखा। प्रयागराज 2.30 घंटा, रीवा चार घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल 3.30 घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस तीन घंटे, नई दिल्ली-मंडुवाडीह दो घंटे तो भागलपुर गरीबरथ 18 घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची। उधर इलाहाबाद से मेरठ जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस बुधवार को एक बार फिर से विलंब से रवाना हुई। इसके इलाहाबाद से रवाना होने का समय शाम 5.40 बजे है जो रात 8.40 बजे रवाना हुई। संगम एक्सप्रेस भी शाम 5.45 की बजाय रात 10.15 बजे रवाना की जा सकी। दरअसल संगम एक्सप्रेस का डाउन रैक बुधवार को 6.35 घंटे की देरी से इलाहाबाद पहुंचा था।