डायट को मिले हिंदी के 76 प्रवक्ता
लोक सेवा आयोग ने जारी किया परिणाम
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
लोक सेवा आयोग ने बुधवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में प्रवक्ता हिंदी का परिणाम घोषित कर दिया। इसमें कुल 76 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। रिक्त पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार चार से आठ सितंबर के बीच हुआ था।
उत्तर प्रदेश राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की इकाई डायट में प्रवक्ता हिंदी के रिक्त 76 पदों के लिए आवेदन वर्ष 2013-14 में लिए गए थे। इस भर्ती में एक पद अनुसूचित जनजाति, 16 पद अनुसूचित जाति, 21 पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित थे।
इसके साथ 38 पद अनारक्षित, क्षैतिज आरक्षण के अंतर्गत एक पद डीएलएफ, तीन पद भूतपूर्व सैनिक, 15 पद महिला तथा तीन पद दृष्टिबाधित, चलनक्रिया एवं श्रवणहस दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित था। सीधी भर्ती द्वारा नियमित चयन के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आठ सितंबर को पूरा हुआ। इसके बाद 26 दिन के भीतर परिणाम जारी कर दिया गया।
00
प्रवक्ता फार्माकोलॉजी का परिणाम संशोधित
इलाहाबाद। लोक सेवा आयोग ने चिकित्सा शिक्षा विभाग में प्रवक्ता फॉर्माकोलॉजी (मेडिकल/नान मेडिकल पद) के परिणाम में संशोधन किया है। आयोग ने सीधी भर्ती से हुए चयन में समेकित योग्यता सूची से मेडिकल पद के लिए अनारक्षित पद के सापेक्ष औपबंधिक रूप से चयनित अभ्यर्थी हेमंत कुमार दत्त का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया है। उनके स्थान पर मेडिकल संवर्ग में अनारक्षित रिक्त के सापेक्ष सूची से प्रवीण कुमार अग्रवाल को श्रेष्ठता के आधार पर उपयुक्त पाए जाने पर नियुक्ति के लिए मुख्य सूची के अंतर्गत संस्तुत किया गया।
00
बीटीसी 2015 प्रथम सेमेस्टर का परिणाम जारी
इलाहाबाद। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने बीटीसी 2015 प्रथम सेमेस्टर का परिमाण बुधवार को जारी कर दिया। इसके साथ बीटीसी (सेवारत मृतक आश्रित) परीक्षा वर्ष 2017 चतुर्थ सेमेस्टर का भी परिणाम जारी किया। बीटीसी 2015 में कुल 79503 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए, जबकि परीक्षा में 79264 शामिल हुए। इसमें 67514 उत्तीर्ण हुए, जबकि 10864 अभ्यर्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए। 239 अभ्यर्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे, जबकि एक अभ्यर्थी का परिणाम अनुचित साधन के इस्तेमाल करने पर रोका गया, जबकि 885 अभ्यर्थियों का परिणाम अपूर्ण रहा। इसी तरह बीटीसी (सेवारत मृतक आश्रित) में पंजीकृत सभी 31 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसमें 22 सफल घोषित किए गए जबकि नौ अभ्यर्थियों का परिणाम अपूर्ण में रोका गया।