जीएसटी पर अब सीधा संवाद करने की तैयारी
0 सर्व समाज उद्योग व्यापार की मांग पर व्यापार कर विभाग के अफसर करेंगे सीधा संवाद
इलाहाबाद (ब्यूरो)। गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) पर आधी अधूरी जानकारी को लेकर व्यापारियों ने अपनी शिकायत व्यापार कर विभाग के अफसरों के समक्ष दर्ज कराई है। सर्व समाज उद्योग व्यापार मंडल की ओर से मिली शिकायत को व्यापार कर विभाग के अफसरों ने गंभीरता से लिया है। इसके लिए अब 17 जून को वाणिज्य कर कार्यालय में सीधा संवाद कार्यक्रम करवाए जाने की बात कही है। ताकि व्यापारी जीएसटी पर अफसरों से सीधी संवाद कर सकें।
बता दें कि जीएसटी को लेकर सर्व समाज उद्योग व्यापार मंडल ने एक प्रश्नावली के माध्यम से इलाहाबाद शहर के 500 प्रतिष्ठानों का सर्वे कराया था। सर्वे के माध्यम से 96 फीसदी व्यापारियों ने जीएसटी को नकारा था। कहा गया था कि जीएसटी की उन्हें आधी अधूरी जानकारी है। व्यापारियों की समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु खरबंदा, माजूद अहमद खान, अजय अग्रवाल, विधिक सलाहकार मनीष श्रीवास्तव ने एडिशन कमिश्नर वाणिज्य कर ग्रेड वन पीके मिश्र से मुलाकात की। इस दौरान जीएसटी को लेकर व्यापारियों की समस्याओं के बारे में उन्हें अवगत कराया गया। इस पर कमिश्नर ने उन्हें आश्वस्त करते हुए 17 जून को व्यापारियों को वाणिज्यकर कार्यालय में आमंत्रित किया। प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु खरबंदा ने कहा कि सीधा संवाद कार्यक्रम में जीएसटी के संबंध में व्यापारी अफसरों से सवाल कर सकते हैं। कार्यक्रम दिन में तीन बजे शुरू होगा।