बेटियों की पढ़ाई में नहीं आने दी जाएगी रुकावट: केशव
डिप्टी सीएम ने हाईस्कूल परीक्षा में यूपी टॉप करने वाली अंजलि को किया सम्मानित
बीबीएस इंटर कॉलेज, शिवकुटी में सम्मान समारोह का हुआ आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में यूपी टॉप करने वाली बीबीएस इंटर कॉलेज शिवकुटी की छात्रा अंजलि वर्मा को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को सम्मानित किया।
कॉलेज परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में श्री मौर्य ने कहा कि प्रयाग में रहकर पढ़ाई करने वाली बिटिया ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर पूरे प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उन्होंने कॉलेज के प्रबंधक, प्रधानाचार्या तथा अध्यापकों को बधाई दी। कहा कि प्रयाग में गंगा, यमुना और सरस्वती का निवास है। इनमें से मां सरस्वती अदृश्य हैं लेकिन उनका आशीर्वाद यहां के हर शैक्षिक संस्थान को प्राप्त है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार व संगठन अंजलि के साथ है। उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। बताया कि अंजलि कोटा में तैयारी करने की इच्छुक हैं। भरोसा दिलाया कि बेटियों की पढ़ाई में कोई रुकावट नहीं आने दी जाएगी। श्री मौर्य ने शिक्षकों की महत्ता बताई। कहा कि भगवान ने भी गुरु का स्थान सबसे ऊपर बताया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में प्रयाग से जुड़े लोग अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में जिस दिन यूपी पूरे देश में पहले नंबर पर होगा, उसी दिन यह देश भी नंबर वन बनेगा। कार्यक्रम का संचालन रश्मि शुक्ला ने किया।
अनुभव के नाना ने लिया सम्मान
इलाहाबाद। आईएएस परीक्षा में आठवीं रैंक हासिल करने वाले तथा बीबीएस इंटर कॉलेज के छात्र रहे अनुभव सिंह की जगह उनके नाना बंशीलाल को सम्मानित किया गया। अनुभव ने हंडिया के खैरापुर स्थित ननिहाल में रहकर अपने नाना के संरक्षण में शिक्षा ग्रहण की है। वे किसी कारणवश सम्मान समारोह में शामिल नहीं हो सके।
होनहार विद्यार्थी ही करेंगे सड़कों का लोकार्पण
इलाहाबाद। डिप्टी सीएम ने बताया कि विगत वर्ष अमर उजाला की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं के गांव-घर की सड़कें बनवाने की घोषणा की थी। साथ ही इन्हीं होनहारों के हाथों सड़काें का लोकार्पण भी करवाने को कहा था। बताया कि सड़कों का निर्माण पूर्ण हो गया है और 15 से 20 मई के बीच इनका लोकार्पण कराया जाएगा। उन्होंने इस वर्ष भी टॉप टेन में शामिल विद्यार्थियों को उक्त तोहफा देने की घोषणा की है।
न्यूयार्क से कम नहीं दिखेगा प्रयाग
इलाहाबाद। सम्मान समारोह के दौरान डिप्टी सीएम ने कहा कि इलाहाबाद में अभी विकास के कार्य चल रहे हैं। इनके चलते थोड़े दिन की दिक्कतें हैं। लेकिन कुछ दिन बाद आप सबको बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। कहा कि अपना प्रयाग न्यूयार्क से कम नहीं दिखेगा।