कुंभ के पहले चौड़े हो जाएंगे आरयूबी
0 सीएमपी, सोहबतियाबाग, अल्लापुर और तेलियरगंज के रेल अंडर ब्रिज में बनेंगे नए रास्ते
0 अगले सप्ताह से शुरू होगा आरसीसी बॉक्स बनाने का कार्य, लगाने के दौरान रेलवे लेगा ब्लॉक
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
शहर उत्तरी के सीएमपी, सोहबतियाबाग, अल्लापुर कुंदन गेस्ट हाउस और तेलियरगंज में रेल अंडर ब्रिज (आरयूबी) को चौड़ा किए जाने की मंजूरी मिल गई है। कुंभ के पहले चौड़ीकरण हो जाएगा। अगले सप्ताह से आरयूबी पर काम शुरू कर दिया जाएगा। पहले चरण में आरसीसी के बॉक्स बनाए जाएंगे। बॉक्स के जरिए आरयूबी में नया रास्ता बनाया जाएगा। बॉक्स लगाए जाने के दौरान रेलवे रोड एवं रेल ट्रैफिक ब्लॉक लेगा। हालांकि, ब्लॉक लेने की तारीख अभी मुकर्रर नहीं की गई है।
शहर में अधिकांश आरयूबी अंग्रेजों के जमाने में बनाए गए हैं। अब ट्रैफिक ज्यादा होने पर अधिकांश आरयूबी के नीचे जाम लग जाता है। इसे देखते हुए तय किया गया है कि सीएमपी, सोहबतियाबाग, अल्लापुर में कुंदन गेस्ट हाउस और तेलियरगंज आरयूबी के नीचे से गुजरने वाले रास्ते को चौड़ा किया जाएगा। उत्तर रेलवे के अफसरों द्वारा संबंधित आरयूबी का निरीक्षण भी किया गया। पिछले साल चेयरमैन रेलवे बोर्ड अश्विनी लोहानी ने भी इलाहाबाद आगमन पर सीएमपी आरयूबी को देखा था। उन्होंने भी आरयूबी चौड़ीकरण पर सहमति जताई थी। उनके निर्देश के बाद उत्तर रेलवे ने शहर उत्तरी के अपने सभी आरयूबी की चौड़ाई बढ़ाने की तैयारी की है। सर्वे का काम पिछले माह ही कर लिया गया था। अब माघ मेला जब समाप्त हो जाने के बाद रेलवे ने आरयूबी चौड़ीकरण के पहले चरण में आरसीसी बॉक्स बनाने की तैयारी की है। अगले सप्ताह से यह काम शुरू हो जाएगा। सीएमपी और सोहबतियाबाग आरयूबी के दोनों ओर सीमित ऊंचाई वाला चार-चार मीटर चौड़ा नया रास्ता रेलवे बनाएगा, ताकि चार पहिया और छोटे वाहनों की आवाजाही वहां से हो सके। इसके अलावा अल्लापुर स्थित कुंदन गेस्ट हाउस और तेलियरगंज से शिवकुटी को जोड़ने वाले आरयूबी के बगल में 5.50 मीटर चौड़ा सीमित ऊंचाई का नया रास्ता रेलवे द्वारा बनाया जाएगा। आरसीसी बॉक्स निर्माण के बाद उसे लगाने के लिए रोड एवं रेल ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। हालांकि इस काम में एक से दो दिन का ही रेलवे द्वारा ब्लॉक लिया जाएगा।
उत्तर रेलवे ने इलाहाबाद में आरयूबी चौड़ीकरण की मंजूरी दे दी है। कुंभ के पूर्व यह काम चरणबद्ध तरीके से पूर्ण हो जाएगा। अभी आरसीसी बॉक्स बनाने का काम ही किया जाएगा। इन बॉक्स को लगाने के दौरान ही ब्लॉक लिया जाएगा। - सतीश कुमार, डीआरएम लखनऊ।