एमटीएस परीक्षा पास कराने को मांगे रुपये
0 कई अभ्यर्थियों ने एसएससी से की शिकायत, पुलिस में दर्ज कराया गया मामला
0 एसएससी ने पत्र जारी कर अभ्यर्थियों को ऐसे शरारती तत्वों से सचेत रहने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की मल्टी टॉस्किंग (नॉन टेक्निकल) स्टॉफ परीक्षा 2016 में शामिल अभ्यर्थियों को इसमें पास कराने के लिए रुपये की डिमांड की जा रही है। अभ्यर्थियों के मोबाइल पर संपर्क कर उन्हें रकम जमा करने के लिए बाकायदा बैंक खाता नंबर बताया जा रहा है। एसएससी ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही अभ्यर्थियों को ऐसे लोगों से सचेत रहने की हिदायत दी है।
एसएससी के पास इस तरह की शिकायतें लगातार आ रही हैं कि कुछ शरारती तत्व मल्टी टॉस्किंग स्टॉफ (एमटीएस) परीक्षा में सफल कराने के लिए अभ्यर्थियों से रकम मांग रहे हैं। कई अभ्यर्थियों ने एसएससी में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई। अभ्यर्थियों ने रकम की डिमांड करने वाले का मोबाइल नंबर, बैंक खाता नंबर की सूचना भी एसएससी को दी। एसएससी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। बृहस्पतिवार को एसएससी के अपर सचिव ने पत्र जारी कर अभ्यर्थियों को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की हिदायत दी है। अभ्यर्थियों को आश्वास्त किया है कि एसएससी परीक्षा में अखंडता और पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध है। चयन प्रक्रिया योग्यता के आधार पर होती है और इसमें किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।