प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय में मंगलवार को 11 नए विभागाध्यक्षों, तीन डीन समेत प्रॉक्टर, पीआरओ की नियुक्ति कर दी गई है। विश्वविद्यालय में पिछले दिनों नए शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
पूर्व में कुलपति के ओएसडी रह चुके दर्शन शास्त्र विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अविनाश कुमार श्रीवास्तव को प्रॉक्टर और पीआरओ पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, समाजकार्य विभाग के प्रो. विवेक कुमार सिंह को डीएसडब्ल्यू पद की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा वणिज्य विभाग की प्रो. अर्चना चंद्रा को डीन कॉमर्स और हिंदी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आशुतोष सिंह को डीन आट्र्स नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा प्रो. राजकुमार गुप्ता को प्राचीन इतिहास, प्रो. अर्चना चंद्रा को वाणिज्य, प्रो. विवेक कुमार सिंह को समाजकार्य, डॉ. अविनाश कुमार श्रीवास्तव को दर्शनशास्त्र, डॉ. उत्कर्ष उपाध्याय को राजनीति विज्ञान, डॉ. प्रदीप कुमार त्रिपाठी को व्यावहारिक अर्थशास्त्र, डॉ. मनमोहन तिवारी को संस्कृत, डॉ. आशुतोष सिंह को हिंदी, डॉ. आनंद राजा को समाजशास्त्र, डॉ. दिव्या द्विवेदी को रक्षा अध्ययन और डॉ. श्वेता श्रीवास्तव को भूगोल का विभागाध्यक्ष बनाया गया है।
राज्य विवि में सभागार का हुआ उद्घाटन
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय के नैनी स्थित नवनिर्मित परिसर में प्रतिभा सभागार का मंगलवार को कमिश्रर आर. रमेश कुमार और कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय में नवनियुक्त शिक्षकों का परिचय समारोह भी आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि रहे कमिश्रर ने विश्वविद्यालय के उत्थान के लिए कुलपति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक की नौकरी केवल नौकरी नहीं है, बल्कि राष्ट्र के भविष्य निर्माण की कार्यशाला है। उन्होंने नई शिक्षा नीति पर भी चर्चा की। अतिथियों का स्वागत रजिस्ट्रार शेष नाथ पांडेय, संचालन एवं आभार ज्ञापन डॉ. अविनाश कुमार श्रीवास्तव ने किया।