नौ डॉक्टर समेत 75 स्वास्थ्य कर्मी
मिले गैरहाजिर, कटेगा वेतन
0 सीएमओ ने आठ टीमों से कराया औचक निरीक्षण, खुली पोल
0 एसीएमओ की जांच में सात ब्लाकों के स्वास्थ्य केंद्र मिले बदहाल
प्रयागराज। सीएमओ ने बुधवार को एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कराया तो डॉक्टरों संग कर्मचारियों की लापरवाही की पोल खुल गई। सात ब्लाकों में सुबह हुई जांच में चार चिकित्साधिकारी, पांच डॉक्टरों समेत कुल 75 स्वास्थ्य कर्मी गैरहाजिर मिले। सीएचसी-पीएचसी में अव्यवस्था भी दिखी। दवाओं और मरीजों का लेखाजोखा भी अव्यवस्थित मिला। सीएमओ ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया है। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी ने शिकायतों का संज्ञान लेते हुए कई स्वास्थ्य केंद्रों की चार अप्रैल को जांच कराई थी। तब 13 डॉक्टरों समेत कई कर्मचारी गैरहाजिर मिले थे। बुधवार को सुबह आठ से सवा आठ बजे के बीच सात ब्लाकों में एसीएमओ की अगुवाई में पहुंची टीमों ने उपस्थिति जांची। करछना में चार चिकित्साधिकारी 13 कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं मिले। मांडा में 25, कौड़िहार में तीन, मेजा में 23, कोरांव में दो, कौंधियारा में एक डॉक्टर, एक संविदा कर्मी अनुपस्थित मिले। वहीं रामनगर में एक डॉक्टर और चार कर्मचारी ही उपस्थित मिले, अन्य ड्यूटी पर नहीं मिले। यहां कर्मचारियों की संख्या दस से अधिक है। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। सभी का एक दिन का वेतन भुगतान नहीं किया जाएगा।