कुंभ में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को मिलेगा मेडल
0 डीजीपी ने कहा, समग्र प्रयास से ही सफल हुआ आयोजन
0 दस्तावेजों के जरिए सहेजे जाएंगे कुंभ से जुड़े अनुभव
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कुंभ मेला 2019 के सफल आयोजन पर सूबे की पुलिस के मुखिया डीजीपी ओपी सिंह गदगद नजर आए। शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने मेला पुलिस की जमकर सराहना की। कहा कि आयोजन को सफल बनाने में एक-एक जवान की भूमिका अहम है। इस योगदान के लिए मेले में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को कुंभ मेला पुलिस मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
डीजीपी एक दिन पहले ही शहर पहुंचे थे। शनिवार को उन्होंने सबसे पहले प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर की गई सुरक्षा संबंधी तैयारियों का जायजा लिया। सुरक्षा में लगी टीमों के साथ बैठक की और दिशानिर्देश दिए। इसके बाद मेला पुलिस कार्यालय में पुलिस मित्रों व रक्तदान करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि समग्र प्रयास के चलते ही विश्व का सबसे बड़ा आयोजन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। कहा कि मेले के दौरान पुलिसकर्मियों ने अपने व्यवहार से भी श्रद्धालुओें का दिल जीता। मेले में तैनात एक-एक जवान की भूमिका बेहद अहम रही। यही वजह है कि मेला ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मियों को कुंभ मेला पुलिस मेडल से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। डीजीपी ने कहा कि मेले में कम्यूनिटी पुलिसिंग का भी सहारा लेने का प्रयोग बेहद सफल रहा। इसके तहत तैनात किए गए पुलिस मित्रों ने पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग किया। हर छोटी बड़ी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने के साथ ही श्रद्धालुओं की भी मदद की।
नामचीन संस्थाओं से चल रही बात
डीजीपी ने बताया कि कुंभ मेले से जुड़े अनुभव भविष्य में किसी भी बड़े आयोजन के दौरान पुलिस के लिए बेहद मददगार हो सकते है। यही वजह है कि इन्हें दस्तावेजों में संभालकर रखने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट के साथ ही आईआईटी कानपुर, आईआईएम लखनऊ जैसी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।
‘सुलझा लिया गया है मामला’
मेला में तैनात एक अधिकारी के वीआरएस (स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना) के लिए आवेदन देने के मामले पर डीजीपी ज्यादा कुछ नहीं बोले। सिर्फ इतना कहा कि मामला सुलझा लिया गया है। किसी की समस्या है तो उस पर विचार किया जाएगा। यह पूछने पर कि क्या संबंधित अफसर मनचाहा तबादला न होने से नाराज हैं, उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात उनके संज्ञान में नहीं आई है।