यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू, पहले दिन 20674 ने छोड़ी परीक्षा
0 प्रदेश के किसी भी परीक्षा केंद्र पर नहीं पकड़े गए नकलची
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। प्रदेश के 8354 केंद्रों पर यूपी बोर्ड परीक्षा बृहस्पतिवार से शुरू हो गई। पहले दिन हाईस्कूल में पहली पाली में कुल 17 हजार पंजीकृत विद्यार्थियों ने संगीत गायन की परीक्षा दी। जबकि इंटरमीडिएट में दो लाख 62 हजार पंजीकृत परीक्षार्थियों में काष्ठ शिल्प, ग्रंथ शिल्प एवं सिलाई की परीक्षा दी। हाई स्कूल व इंटर में कुल मिलाकर 566 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट में मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र एवं तर्कशास्त्र की परीक्षा हुई। इसमें 2.45 लाख परीक्षार्थियों में 20108 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस तरह कुल मिलाकर 20674 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
यूपी बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव ने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों के कंट्रोल रूम से मिली सूचना के आधार पर पहली एवं दूसरी पाली में कोई नकलची नहीं पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि पहले दिन किसी प्रकार की प्राथमिकी भी दर्ज नहीं हुई। सचिव ने बताया कि प्रदेश में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर चल रहेे आंदोलन के चलते परीक्षा में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई।