अभियान चलाकर होगी कटे पेड़ों की भरपाई
0 कुंभ के मद्देनजर हो रहे विकास कार्यों की भेंट चढ़ चुके हैं साढे़ चार हजार से अधिक पेड़
0 जिले में लगेंगे 58 लाख पौधे, पौधे तैयार करने की जिम्मेदारी विभिन्न संस्थाओं को
प्रयागराज। कुंभ की तैयारियों के मद्देनजन जिले में हजारों पेड़ विकास की भेंट चढ़ गए। अब इनकी भरपाई की तैयारी है। इसके तहत सड़कों के किनारे तथा डिवाइडर के बीच में पौधरोपण शुरू है। इसी क्रम में जिले में 58 लाख पोधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। इतनी बड़ी संख्या में पौधे तैयार करने की जिम्मेदारी वन और उद्यान विभाग के अलावा निजी संस्थाओं को भी दी गई है।
पौधरोपण अभियान के तहत जिले को प्रदेश में प्रयागराज को सबसे बड़ा लक्ष्य दिया गया है। पूरे वर्ष चलने वाले अभियान में सभी विभाग शामिल होंगे। विभागों को जमीन की तलाश तथा अन्य तैयारी के लिए कहा गया है। सीडीओ सैमुअल पॉल एन. ने विभागों का लक्ष्य दे दिया गया है।
000
कुंभ में कट गए 4.50 हजार पेड़
0 कुंभ के मद्देनजर हो रहे विकास कार्यों के दौरान साढ़े चार हजार पेड़ कट गए। इनमें सैकड़ों वर्ष पुराने पीपल, बरगद आदि के पेड़ भी शामिल रहे। यह सरकारी आंकड़ा है। पेड़ों के कटने की वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक है।
000
नर्सरी में रोजगार देने की तैयारी
0 बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान के तहत नर्सरी में रोजगार देने की भी तैयारी है। वन और उद्यान विभाग तो पौधे तैयार करेंगे ही, आजीविका मिशन के तहत जुड़े युवाओं को भी यह जिम्मेदारी दी जाएगी। पौधे तैयार करने के लिए बीज वन विभाग उपलब्ध कराएगा।