आरआरबी अभ्यर्थियों के लिए सात फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन
0 इलाहाबाद के रास्ते होगा गया-जबलपुर स्पेशल ट्रेन का संचालन
0 ग्रुप डी परीक्षा में 73.70 फीसदी रही अभ्यर्थियों की उपस्थिति
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ग्रुप डी अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 से 29 सितंबर के बीच नियमित रूप से होगा। इस बीच 28 सितंबर को ट्रेन नहीं चलेगी। गया से जबलपुर के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन इलाहाबाद छिवकी के रास्ते होगा।
गया से परीक्षा स्पेशल ट्रेन रात 11.35 बजे चलकर डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन के रास्ते सुबह 5.55-6.00 बजे इलाहाबाद छिवकी पहुंचेगी। इसके बाद मानिकपुर, सतना, कटनी रुकते हुए दिन में 1.40 बजे जबलपुर पहुंचेंगी। वापसी में स्पेशल ट्रेन जबलपुर से 23 सितंबर से 30 सितंबर के बीच शाम 7.45 बजे चलेगी। रात 2.55-3.00 बजे स्पेशल ट्रेन इलाहाबाद एवं सुबह 9.30 बजे गया पहुंच जाएगी। वापसी में स्पेशल ट्रेन 29 सितंबर को नहीं चलेगी। 18 कोच की स्पेशल ट्रेन में 16 कोच सामान्य श्रेणी एवं दो कोच एसएलआर श्रेणी के रहेंगे। वहीं दूसरी ओर बृहस्पतिवार को 62907 पदों के लिए चल रही रेलवे ग्रुप डी परीक्षा के चौथे दिन आरआरबी इलाहाबाद के अधीन 11 शहरों के 41 केंद्रों में कुल 37343 अभ्यर्थियों को बुलाया गया। इस दौरान परीक्षा देने के लिए 27521 अभ्यर्थी पहुंचे। अभ्यर्थियों की उपस्थिति का प्रतिशत 73.70 रहा। इलाहाबाद के दस केंद्रों की बात करें तो यहां पहली पॉली में 78.77, दूसरी पॉली में 78.33 एवं तीसरी पॉली में 78.78 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे। आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन एसएएम नकवी के मुताबिक परीक्षा सभी केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से निपटी। 21 सितंबर को परीक्षा नहीं होगी। इस बार रविवार को भी परीक्षा कुछ केंद्रों में आयोजित की गई है।