रेल अंडर ब्रिज के लिए हटाए अतिक्रमण
एडीए ने साउथ मलाका में ध्वस्त किए भवन
इलाहाबाद। रेलवे, नगर निगम, एडीए और पीडब्ल्यूडी ने शुक्रवार को गीता निकेतन के पास अतिक्रमण हटाया। पुलिस के साथ की गई संयुक्त कार्रवाई में सोहबतियाबाग रेल अंडर ब्रिज (आरयूबी) के आसपास विकास में बाधा बने दस कब्जे हटाए गए। वहीं एडीए ने साउथ मलाका सब्जी मंडी चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण के लिए कई मकानों का आंशिक भाग ध्वस्त किया। मौके पर भीड़ जुटी थी। कार्रवाई के बाद मलबा पड़ा रहने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
आरपीएफ और पुलिस बल के साथ एसीएम विनय सिंह के नेतृत्व में सोहबतियाबाग आरयूबी के पास पहुंचे अफसरों ने छह झुग्गी झोपड़ी, दो टिन शेड, एक गेट समेत दस कब्जे हटाए। अफसरों ने बताया कि इन कब्जों के कारण आरयूबी चौड़ीकरण के काम में बाधा आ रही थी। इस संबंध में रेलवे ने संबंधित विभागों को पत्र लिखा था। यहां से एडीए का दस्ता प्रवर्तन दल के साथ साउथ मलाका पहुंचा। यहां सड़क चौड़ीकरण के काम में बाधा बने कुछ मकानों का आंशिक भाग जेसीबी से तोड़ा गया। यहां अधिकांश भवन स्वामियों ने खुद ही अपने अवैध निर्माण तोड़ लिए हैं। जिन्होंने कब्जे वाले हिस्से नहीं गिराए, उन्हें एडीए के अफसरों ने जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। प्रभावित दो भवन स्वामियों के दो-दो कमरे ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान यातायात रोक दिया गया था। मौके पर भारी भीड़ जमा थी। पुलिस बल की मौजूदगी के कारण विरोध करने वालों की सुनवाई नहीं हुई। वहीं शाम को सड़क पर फैला मलबा राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया। इससे रात तक जाम की स्थिति बनी रही।
-------------------------
1.40 करोड़ की संपत्तियां निस्तारित
एडीए ने शुक्रवार को कालिंदीपुरम आवास योजना दो और चांदपुर सलोरी आवास योजना एक में व्यावसायिक भूखंडों का आवंटन नीलामी के आधार पर किया। पीआरओ के मुताबिक स्वतंत्र प्रेक्षक रिटायर्ड आईएएस गिरधारी लाल और पंजीकृत आवेदकों के साथ आवंटन समिति के सदस्यों की उपस्थिति में भूखंडों का आवंटन किया गया। इससे एडीए ने उच्चतम बोली के आधार पर करीब एक करोड़ 40 लाख से अधिक की संपत्ति निस्तारित की।