जंक्शन पर ऊपर-ऊपर ही पुलों को जोड़ने का काम शुरू
प्लेटफार्म नंबर दो पर स्काई वॉक निर्माण के लिए की गई बैरीकेडिंग
25 करोड़ रुपये की लागत से तीन चरणों में पूरा होगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
इलाहाबाद जंक्शन पर बने सभी फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) को ऊपर ही ऊपर जोड़े जाने का काम शुरू हो गया है। यहां नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तर्ज पर स्काई वॉक के माध्यम से सभी एफओबी आपस में जोड़े जाएंगे। तीन चरणों में यह काम पूरा होगा। पहले चरण का काम अगले वर्ष लगने वाले कुंभ मेले के पूर्व रेलवे द्वारा कर लिया जाएगा। बाकी दो चरण के काम कुंभ मेले के बाद रेलवे द्वारा शुरू किए जाएंगे।
पिछले वर्ष ही जंक्शन पर स्काई वॉक बनाए जाने की योजना बनी थी। वर्तमान समय जंक्शन पर कुल चार एफओबी है। लाइन शाह बाबा मजार वाला ही एकमात्र एफओबी ऐसा है जो सभी दस प्लेटफार्म को आपस में जोड़ता है। इस वजह से यात्रियों को खासी असुविधा होती थी। प्लेटफार्म नंबर एक से नंबर सात, आठ, नौ और दस नंबर पर जाने वाले यात्री नीलम और पब्लिक एफओबी में अगर जाने अनजाने में चढ़ जाते थे तो उन्हें प्लेटफार्म नंबर छह पर उतरकर दुबारा लाइन शाह बाबा मजार वाले एफओबी पर चढ़ना पड़ता था। फिलहाल अब जंक्शन पर स्काई वॉक बनाए जाने का काम शुरू हुआ है। यहां 25 करोड़ की लागत से कुल 559 मीटर लंबा स्काई वॉक बनना है। पहले चरण में पब्लिक एफओबी को लाइन शाह बाबा मजार वाले एफओबी से ऊपर ही ऊपर जोड़ा जाएगा। इसकी कुल लंबाई 136 मीटर है। इसके लिए प्लेटफार्म नंबर दो पर बैरीकेडिंग लगाने का काम शुरू किया गया है। मंगलवार 13 फरवरी से पिलर लगाने का काम शुरू किया जाएगा। दूसरे चरण में लाइन शाह बाबा मजार से स्मिथ रोड एफओबी को जोड़ा जाएगा। इसकी कुल लंबाई 243 मीटर है। आखिरी चरण में 180 मीटर लंबे स्काई वॉक से पब्लिक पुल को प्लेटफार्म नंबर एक से 11 को जोड़ने वाले एफओबी से जोड़ा जाएगा। हालांकि यह काम कुंभ मेले के बाद नीलम एफओबी को तोड़ने के बाद होगा। दरअसल प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित एमसीओ से प्लेटफार्म नंबर 11 को जोड़ने के लिए नए एफओबी का निर्माण किया जाना है।