मीरगंज (बरेली)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नल नगरिया तिराहे के आगे भाखड़ा पुल पर मिनी ट्रक की टक्कर से टेंपो सवार 10 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। तीन की हालत गंभीर है।
मुरादाबाद के ताजपुर के रहने वाले खलील अपने टेंपो लेकर बरेली आ रहे थे। टेंपो में नौ सवारियां बैठी हुई थीं। दोपहर करीब ढाई बजे जैसे ही वह भाखड़ा पुल पर पहुंचे पीछे से आ रही डीसीएम मिनी ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश में टेंपो को चपेट में ले लिया। इससे टेंपो खाई में पलट गया। टेंपो में बैठे रवि, आकाश, नरसी निवासी रोहतक हाल निवासी बिलासपुर के साथ मुरादाबाद के ताजपुर के रहने वाले सत्यवीर, मनोहर व चार अन्य सवारियों के साथ खलील को चोटें आईं। राहगीरों ने घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी भेजा। प्रभारी निरीक्षक मीरगंज हरेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना दी गई है।
हादसे के बाद लगा जाम
हादसे के बाद हाईवे की एक साइड पर वाहनों की कतार लग गई। तेज धूप में जाम में फंसे लोग परेशान होते रहे। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया।