28 जनवरी से आरंभ होने जा रही राजकीय कृषि एवं औद्योगिक प्रदर्शनी में अभिनेता सलमान खान की फिल्म वीर फेम अभिनेत्री जरीन खान का शो आकर्षण का केंद्र रहेगा।
यही नहीं गीतकार बादशाह नाइट के साथ लाफ्टर शो के जलवे से भी महानगरवासी रूबरू होंगे। हालांकि अब तक नुमाइश के कार्यक्रमों की तिथि एवं मुख्य अतिथि तय नहीं हो सके हैं।
नुमाइश 28 जनवरी से आरंभ होने जा रही है। उद्घाटन कार्यक्रम में भले ही चंद दिन शेष बचे हों, लेकिन प्रशासन अब तक मुख्य अतिथि का नाम तय नहीं कर सका है। यही नहीं कुछ कार्यक्रमों को छोड़कर अन्य कार्यक्रम और आने वाले कलाकारों की फेहरिस्त तो तैयार हो गई है, लेकिन अभी भी इस सूची पर डीएम की मोहर लगने का इंतजार है।
इस मामले में नुमाइश प्रभारी एवं एडीएम सिटी अवधेश तिवारी एवं डीएम डा.बलकार सिंह के मध्य शुक्रवार देर तक विचार विमर्श हुआ। एडीएम ने बताया कि कार्यक्रमों की फेहरिस्त तैयार हो चुकी है, बस इसे फाइनल करना बाकी है। डीएम ने बताया कि मुख्य अतिथि एक दो दिन में तय कर दिये जाएंगे।