कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर कुतुब रोड पर बृहस्पतिवार देर रात युवक को बदमाशों ने घेरकर मारपीट कर लूट लिया। इस दौरान तमंचे की बट मारकर उसे बेहोश कर दिया। हालांकि राहगीरों ने एक बदमाश को मौके पर पकड़ लिया। बाद में खबर देकर पुलिस बुला ली गई। मामले में भाजपा नेताओं ने पीड़ित के पक्ष में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
तुर्कमान गेट शनीचरी पैठ के विशाल सैनी के अनुसार वह देर रात किसी काम शाहपुर कुतुब पर अपने खेतों की ओर जा रहा था। तभी चार बदमाशों ने उसे घेरकर खेतों में ले जाकर मारपीट करते हुए जेब से पांच हजार रुपये, मोबाइल आदि छीन लिया। विरोध पर तमंचे की बट मारकर बेहोश कर दिया। इसी बीच राहगीरों ने एक बदमाश दबोच लिया, जबकि तीन भाग गए। खबर पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा। इधर, इस खबर पर विशाल के समर्थन में भाजपा नेता संजू बजाज आदि थाने पहुंच गए। जहां तहरीर दी गई। आरोपियों में दो गैर समुदाय के युवक बताए गए हैं। पकड़े गए युवक से पुलिस पूछताछ में जुटी है।