अलीगढ़ में परिवहन विभाग ने शनिवार को ओवर स्पीड के 40 समेत 168 वाहनों के चालान काटे और 15 वाहन जब्त किए, बिना हेलमेट पर 45, बिना सीट बेल्ट पर 27 और रॉन्ग साइड पर 10 चालान हुए।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
यातायात माह के जागरूकता अभियानों को नजरअंदाज कर अलीगढ़ में मुख्य और व्यस्त मार्गों पर युवा तेज रफ्तार में फर्राटा भर रहे हैं। आए दिन तेज रफ्तार वाहन हादसों का कारण बनते हैं। इसके बावजूद युवा मानने के लिए तैयार नहीं है।
विज्ञापन
बिना हेलमेट, तीन-चार सवार न केवल नियमों को नजरअंदाज करते हैं, बल्कि जान भी जोखिम में डाल रहे हैं। शहर के रामघाट रोड, जीटी रोड, सेंटर प्वाइंट, मैरिस रोड और आगरा रोड जैसे व्यस्त मार्गों पर सुबह से लेकर देर रात तक युवा तेज गति से दोपहिया वाहन चलाते नजर आते हैं। इनमें से अधिकांश चालकों के सिर पर न तो हेलमेट होता है और न ही उन्हें अपनी या दूसरों की जान की परवाह रहती है।
कई बार तो ये तीन व चार सवार बैठकर दोपहिया वाहन को मार्ग पर लहराते हैं। इससे पैदल चलने वालों और अन्य वाहन चालकों में भी हादसे का डर बना रहता है। कुछ चालक चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजरों से बचकर या गलियों के रास्ते निकल जाते हैं, तो कुछ पुलिसकर्मियों की मौजूदगी की भी परवाह नहीं करते।
लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभिभावकों को भी अपने बच्चों को सुरक्षा की दृष्टि से यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।-प्रवीण कुमार यादव, एसपी यातायात
विज्ञापन
ओवर स्पीड पर 40 वाहनों के चालान
अलीगढ़। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत शनिवार को परिवहन विभाग ने जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात के नियमों की अनदेखी करने वाले ओवर स्पीड के 40 समेत 168 वाहनों के चालान काटे गए और 15 वाहनों को विभिन्न थानों में जब्त किया गया। बिना हेलमेट पर 45, बिना सीट बेल्ट पर 27, बकाया टैक्स पर 14 और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर 10 चालान किए गए। इसके अलावा ओवरलोडिंग व मोबाइल प्रयोग के प्रयोग पर सात-सात, बिना फिटनेस, ड्रंकन ड्राइविंग व नो पार्किंग में पांच-पांच और मॉडिफाइड साइलेंसर पर तीन चालान किए गए। टीम ने चालकों को यातायात नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई।