गंगा नदी में युवक के डूबने पर गायब होने के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के सासनी गेट सराय गढ़ी इलाके से मंगलवार को मोहल्ले के लोगों संग गणेश प्रतिमा विसर्जन को नरौरा गंगा घाट गए दो युवक गंगा में डूब गए। इस दौरान गोताखोरों की मदद को एक युवक को तो बचा लिया गया, जबकि दूसरे का पता नहीं लगा। हालांकि वहां घंटों तक तलाश चलती रही, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में नरौरा पुलिस ने युवक के साथ गए लोगों को यह कहकर वापस भेज दिया कि अब देर हो गई है, आप लोग बुधवार को आएं। इसे लेकर परिजनों ने नरौरा पुलिस पर सहयोग न करने का आरोप लगाया है। वहीं घर के इकलौते बेटे के गंगा में डूबने की खबर पर परिवार में कोहराम मच गया है।
सराय गढ़ी निवासी रामदास मथुरा रोड पर कचौड़ी की ढकेल लगाते हैं। उन पर चार बेटियों के बीच इकलौता बेटा मोहत उर्फ गुड्डू (24) था। दो बेटियों की वह शादी कर चुके हैं। मोहल्ले से लोग एकत्रित होकर गणेश प्रतिमा विसर्जन करने नरौरा घाट गए थे। उनमें मोहित अपने मौसेरे भाई अंकुश संग गया था। वहां दोनों साथ गंगा में नहा रहे थे, तभी बहाव में आगे जाने पर दोनों डूब गए। इस दौरान शोर मचने पर गोताखोरों ने अंकुश को तो बचाकर बाहर निकाल लिया, मगर मोहित का पता नहीं लगा।
घंटों तक वहां उसकी खोज चलती रही। सूचना पर नरौरा पुलिस भी हरकत में आ गई। देर शाम पुलिस ने उसकी तलाश में लगे लोगों को यह कहकर वहां से भेज दिया कि अब देर हो गई है। आप लोग सुबह आएं, फिर तलाश कराएंगे। इधर, जब यह खबर उसके घर आई तो इकलौते बेटे के गंगा में डूबने की खबर ने परिवार में कोहराम के हालात पैदा कर दिए। मां व बहनों का हाल बेहाल था। परिवार के लोग उन्हें सांत्वना देने में जुटे थे। इधर, सासनी गेट पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। अब लोग सुबह फिर नरौरा जाने की तैयारी कर रहे हैं।
मोहित उर्फ गुड्डू का फाइल फोटो।- फोटो : CITY OFFICE