घटना स्थल पर जांच करते सीओ बरला।
- फोटो : GANGIRI
गंगीरी थाने के गांव हिदरामई में सोमवार की रात 18 वर्षीय युवक की उसके ही साथियों ने ईंट से कुचलने के बाद शर्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी। मंगलवार की सुबह एक ग्रामीण ने खून से लथपथ पड़ा शव देखा तो परिवार वालों को सूचना दी। सूचना पर सीओ के साथ ही डॉग स्क्वाड भी मौके पर पहुंच गया। गांव के ही दो लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज हुई है। आरोपी गांव से फरार हैं।
जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय रिंकू उर्फ रघुवेश पुत्र मोहनलाल सोमवार की शाम करीब आठ बजे गांव के दो युवकों के साथ गांव में निकले खप्पर में शामिल होने गया था। खप्पर में लोगों ने रिंकू को रात दस बजे तक देखा। चर्चा है कि इसके बाद दोनों साथियों के साथ रिंकू गांव के बाहर जंगल में एक नलकूप पर पहुंच गया जहां तीनों ने शराब पी।
शराब पीने के दौरान झगड़ा होने पर दोनों साथियों ने रिंकू को ईंट से कुचलने के साथ ही शर्ट से गला घाेंटकर हत्या कर दी और शव माइनर के पास कच्चे रास्ते पर छोड़कर भाग गए। उधर रात में परिवार के लोग यही समझते रहे कि वह खप्पर में शामिल होगा।
मंगलवार की सुबह छह बजे गांव के निवासी कृपाशंकर ने अपने नलकूप से लौटते समय खून से लथपथ रिंकू का शव देखा तो परिवार वालों को सूचना दी। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ बरला देवी गुलाम, डॉग स्क्वाड, फील्ड यूनिट टीम ने भी मौका मुआयना किया।
इंस्पेक्टर अवधेश कुमार ने ग्रामीणों से हत्या के बारे में जानकारी ली। मृतक के पिता मोहनलाल ने संजू पुत्र स्व. साहब सिंह व मुनेश पुत्र अमर सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मृतक चार भाइयों में सबसे छोटा था। रिंकू की हत्या से परिवार में मातम छाया है। गांव में डर का माहौल है।