गांव रामपुर शाहपुर में रविवार सुबह घर की केबल ठीक करते समय 25 वर्षीय युवक हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में परिजन उसे जेएन मेडिकल कॉलेज, अलीगढ़ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
हसन पुत्र शाहिद खान सुबह करीब नौ बजे घर की छत पर केबल को ठीक कर रहा था। इसी दौरान पास से गुजर रही 11 केवी लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उसे उपचार के लिए अलीगढ़ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हसन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और उसकी चार वर्ष पहले शादी हुई थी। उसके पीछे दो वर्षीय बेटी है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि खंभे में करंट आने के वजह से हसन को करंट लगा है।
एसडीओ विद्युत विभाग गभाना निशांत कुमार ने बताया कि युवक की मौत 11 केवी लाइन की चपेट में आने से हुई है। पोल में करंट आने की बात सही नहीं है। परिजनों को विभागीय स्तर से मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।