थाना बरला के गांव चांदगढ़ी निवासी एक युवक की लंबी बीमारी के चलते गांव बरौली स्थित ससुराल में बुधवार को मौत हो गई। मृतक के भाई ने ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना बरला के गांव चांदगढ़ी निवासी सत्यप्रकाश (40) पुत्र जस सिंह की शादी करीब नौ वर्ष पहले थाना छर्रा के गांव बरौली निवासी कालीचरन की पुत्री कमलेश के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही सत्यप्रकाश छर्रा में किराए पर मकान लेकर पत्नी सहित रहने लगे। चर्चा है कि वह काफी समय से टीबी की बीमारी से ग्रस्त थे और वृंदावन के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार की शाम वह अपनी पत्नी के साथ ससुराल बरौली गए थे जहां बुधवार को तड़के पहर करीब तीन बजे उनका निधन हो गया।
खबर पाकर पहुंचे छोटे भाई पुष्पेंद्र कुमार भाई के ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए छर्रा थाने में सूचना दी। इस पर पुलिस पहुंच गई। सीओ महेश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों ने युवक को टीबी होने की जानकारी पुलिस को दी है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।