ईंट भट्ठा मजदूर गांव गया था। वहां से लौटने के बाद उसने छत में लगे कुंडे पर फंदा डालकर खुदकुशी कर ली। पुलिस को बिना सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान गृह ले जाया गया।
थाना पिसावा क्षेत्र के गांव डेटा खुर्द में 11 अप्रैल की रात ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर ने गले में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में मातम छा गया। परिजन अंतिम संस्कार के लिए उसका शव लेकर श्मशान गृह पहुंचे। इसी बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने श्मशान गृह से मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विज्ञापन
दुर्जन कुमार (23) पुत्र रामदास अपने पिता के साथ ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। 11 अप्रैल शाम वह गांव आ गया। रात को किस समय कमरे की छत में लगे कुंडे में फंदा डालकर झूल गया। सुबह जब पड़ोसियों को जानकारी हुई तो भट्ठे पर काम कर रहे मृतक के माता-पिता को सूचना देकर बुलाया गया। पुलिस को बिना सूचना दिए ही शव का अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान गृह ले जाया गया।
इसी दौरान किसी ने जानकारी दी तो पुलिस गांव पहुंच गई। श्मशान गृह से मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव गांव आया। परिजनों ने मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।