मंच पर मौजूद आयोजक नीतीश गौड़ एवं मुख्य अतिथि कुणाल चौधरी
- फोटो : samvad
अतरौली विधानसभा क्षेत्र के बिजौली में रविवार को कांग्रेस का युवा और किसान सम्मेलन आयोजित हुआ। संगठन के राष्ट्रीय सचिव और प्रदेश कांग्रेस के सहप्रभारी कुणाल चौधरी ने युवा-किसानों से पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कुणाल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसान और युवाओं के साथ खड़ी रही। उन्होंने युवाओं को रोजगार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर देने की बात कही। साथ ही किसानों को फसलों का उचित मूल्य, समय पर खाद-बीज और खेती के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
आरोप लगाया कि युवा बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में अनिश्चितता से जूझ रहे हैं। किसान बढ़ती कृषि लागत और फसलों के उचित दाम न मिलने से परेशान हैं। कांग्रेस पार्टी इन समस्याओं को लगातार उठाती रही है। आगे भी युवा-किसानों के लिए पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गठबंधन को मजबूत करने और आपसी समन्वय के साथ एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। कहा कि गांव-गांव जाकर समाज के प्रत्येक वर्ग से जुड़े मुद्दों को उठाएं। सम्मेलन के आयोजक एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव नितिश गौड़ सहित युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला, जिलाध्यक्ष सोमवीर सिंह, युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव गौरांग देव चौहान, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश मसीह, युवा नेता उदित अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष नावेद खान मौजूद रहे।