सोमवीर कुमार प्रजापति। फाइल फोटो
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के सासनी गेट क्षेत्र की कबीर नगर कॉलोनी में मंगलवार की सुबह चाइनीज मांझे से एक युवक की गर्दन कट गई। जख्मी युवक को जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, इलाज के दौरान दोपहर में उसकी मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब वह बाइक से अपने दोस्त के साथ ढाबे से खाना लेकर आ रहा था।
पला साहिबाबाद की कबीर नगर कॉलोनी निवासी चार भाई व एक बहन के बीच दूसरे नंबर का 25 वर्षीय सोमवीर पुत्र कुंवरजीत बेलदारी करता था। सभी भाई आसपास ही रहते हैं। घर में मां माया देवी, पत्नी मंजू के अलावा तीन वर्षीय बेटी रागिनी है। बिलखते हुए मां माया देवी ने बताया कि सुबह वह अपने दोस्त राकेश संग ढाबे से बाइक पर खाना लेकर आ रहा था। तभी अचानक बस्ती में ही मांझेे से उसकी गर्दन कट गई। इस दौरान दोस्त घबरा गया और दौड़कर सोमवीर के घर जाकर घटना की जानकारी दी। इस दौरान मौके पर भीड़ लग गई। परिजन उसे पहले जिला अस्पताल और फिर जेएन मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां दोपहर में इलाज के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका और डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को अपने साथ घर ले आए। बिना पुलिस कार्रवाई के शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
-सासनी गेट इलाके में मांजे से युवक की गर्दन कटने और मौत होने की सूचना मिली है। इस मामले में इलाके में जांच कराई जाएगी और जो भी विधिक कार्रवाई होगी, उसे अमल में लाया जाएगा।
- रंजीत सिंह, प्रभारी सिटी मजिस्ट्रेट/एसडीएम कोल