महानगर के रामघाट रोड स्थित मीनाक्षी पुल पर रविवार देर रात दो बाइकों की भिड़ंत में सिविल सर्विस की तैयारी कर रहे युवक की मौत हो गई और उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। दूसरी बाइक पर सवार दो लोग भी घायल हो गए। तीन घायलों में युवती की हालत नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार गूलर रोड शिवपुरी निवासी गुरुराम दास का 25 वर्षीय बेटा शुभम दिल्ली में सिविल सर्विस की कोचिंग कर रहा था। रविवार को उसके दोस्त अंशुल की मेरिस रोड स्थित एक गेस्ट हाउस मेें शादी थी। इसी शादी में शामिल होने के लिए शुभम रात करीब 11 बजे अपनी छोटी बहन दिशा को लेकर जा रहा था।
वह जैसे ही मीनाक्षी पुल पर पहुंचा तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इस एक्सीडेंट में शुभम की मौके पर ही मौत हो गई और बहन जख्मी हो गई। दूसरी बाइक पर सवार एक दैनिक अखबार के विज्ञापन प्रबंधक अभिषेक श्रीवास्तव और सहयोगी कर्मचारी उज्वल भी घायल हो गए।
राहगीरों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां युवक को मृत घोषित कर दिया और बहन की हालत नाजुक बनी हुई थी। उसके सिर में गंभीर चोट है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेे लिया। रोते-बिलखते शुभम के परिजनों का हाल बेहाल था।