गांव जफर मंजिल निवासी होराम सिंह की बच्चों के विवाद में गांव के ही लोगों के साथ हो गया था। जिसमें आरोपियों ने लाठी-डंडे व रॉड से मारपीट करते हुए होराम सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
कोतवाली छर्रा क्षेत्र के गांव जफर मंजिल में नौ जून को बच्चों के विवाद में हुई मारपीट में घायल एक युवक की 26 जून को दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए 27 जून की रात नौ बजे कोतवाली छर्रा में पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
विज्ञापन
गांव जफर मंजिल निवासी होराम सिंह (45) पुत्र सोनपाल सिंह की 9 जून को बच्चों के विवाद में गांव के ही ज्ञान सिंह, बच्चू, गवेंद्र, मनोज व छोटू पुत्रगण नन्नू सिंह उर्फ भूप सिंह के साथ हो गया था। जिसमें आरोपियों ने लाठी-डंडे व रॉड से मारपीट करते हुए होराम सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जेएन मेडिकल कॉलेज में दो दिन उपचार के बाद डॉक्टर ने उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया था। इस संबंध में घायल की पुत्री ने पांचों युवकों के खिलाफ थाना कोतवाली छर्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
लगभग 18 दिन बाद दिल्ली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। 27 जून को परिजन पोस्टमार्टम कराकर लगभग साढ़े नौ बजे थाना कोतवाली छर्रा में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पहुंच गए। यहां पुलिस पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। कोतवाली छर्रा पुलिस ने लगभग एक घंटे बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
मृतक के पुत्र गौतम ने बताया कि 11 जून को थाना कोतवाली में पांचों युवक के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने टाल मटोल करते हुए तीन दिन बाद 14 जून को रिपोर्ट दर्ज की। उसके बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। क्षेत्राधिकारी छर्रा रविशंकर प्रसाद ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की जा चुकी थी। मृत्यु हो जाने पर धाराओं को बदलवाकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।