कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जिले के किशोर व किशोरियां बेहद गंभीर हैं। इसकी बानगी सोमवार को देखने को मिली। कोविडरोधी टीका केंद्र पर सुबह से ही 15 से 18 साल के किशोर व किशोरियां कतार में लगे नजर आए। वह ऑनलाइन पंजीकरण कराकर अभिभावकों एवं दोस्तों के साथ पहुंचे थे। पहले दिन 2247 किशोरों ने कोवाक्सिन टीका लगवाकर खुद को कोरोना से सुरक्षित कर लिया है। साथ ही, अपने हमउम्र किशोरों को भी संदेश दिया कि वह भी जल्द से जल्द टीका लगवाकर खुद को सुरक्षित कर लें।
सोमवार को जेएन मेडिकल कॉलेज, मलखान सिंह जिला अस्पताल, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घंटर चौक, केके जैन, महफूजनगर और नौरंगाबाद के अतिरिक्त लोधा, इगलास, छर्रा, बिजौली एवं चंडौस में किशोरों व किशोरियों को टीका लगाया गया। सभी को कोवाक्सिन लगाया जा रहा है। जेएन मेडिकल कॉलेज एवं मलखान सिंह जिला चिकित्सालय में किशोर लाइन लगाकर नंबर आने का इंतजार कर रहे थे। जेएन मेडिकल कॉलेज में उन्हीं किशोरों को टीका लगाया गया, जो ऑनलाइन पंजीयन कराकर पहुंचे थे। मलखान सिंह जिला चिकित्सालय एवं अन्य केंद्रों पर मौके पर पंजीयन कराकर भी किशोरों को टीका लगाया गया। खास बात यह भी है कि ये किशोर बड़ों से ज्यादा समझदार दिख रहे हैं। दूरी एवं मास्क का पूरा ध्यान रख रहे हैं। सभी केंद्रों पर भी कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखा जा रहा है। 12वीं की छात्रा शोभवी ने कहा कि टीका लगवाकर खुशी महसूस कर रही हूं। इससे सभी लोग सुरक्षित रहेंगे। जो लोग टीका लगवाने से रह गए हैं वह भी जल्द से जल्द टीका लगवाकर खुद को सुरक्षित कर लें।
कोविड से बहुत नुकसान हुआ है। पढ़ाई पर भी असर पड़ा है। हमलोग काफी दिनों से टीका का इंतजार कर रहे थे। खुशी की बात है कि अब टीका लगवाकर हमलोग कोरोना से सुरक्षित हो जाएंगे। जेएन मेडिकल कॉलेज में आज पहली डोज ली है।
- नव्या अग्रवाल, कक्षा 11, सेंट फिदेलिस सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा
टीके का हमलोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। कोरोना से बचाव के लिए यह जरूरी है। स्कूल से भी टीका लगवाने का पत्र आया है। हमारे कई दोस्त भी टीका लगवाने पहुंचे हैं। किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। टीका लगाने के बाद कुछ समय केंद्र पर रुका भी।
- प्रत्यक्ष द्विवेदी, कक्षा 11 का छात्र, रेलवे कॉलोनी
आज से सभी सीएचसी पर लगेगा टीका
उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी शरद गुप्ता ने बताया कि मंगलवार से सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं सभी सीएचसी पर किशोर एवं किशोरियों को टीका लगाया जाएगा। सीएचसी द्वारा अलग-अलग स्थानों पर सत्र का आयोजन किया जा सकता है। स्कूल-कॉलेज से संपर्क किया जा रहा है।
बच्चों में टीका को लेकर काफी उत्साह है।