एएमयू में योगी एवं मोदी के खिलाफ नारेबाजी
- फोटो : Dig Vishal
जेवर बुलंदशहर राजमार्ग पर हत्या एवं चार महिलाओं के साथ सामूहिक बलात्कार तथा सहारनपुर में जातीय संघर्ष के विरोध में एएमयू छात्रों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं आरएसएस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने राष्ट्रपति से उत्तर प्रदेश सरकार को बर्खास्त कर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
जुमे की नमाज के बाद एएमयू छात्रों ने छात्र संघ अध्यक्ष फैजुल हसन के नेतृत्व में एसएस नार्थ हॉल से बाब-ए-सैयद होते हुए एएमयू सर्किल तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान छात्रों ने योगी, मोदी एवं आरएसएस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्र योगी सरकार मुर्दाबाद, योगी सरकार होश में आओ, आरएसएस का नाश हो, मुसलमानों पर अत्याचार बंद करो आदि नारे लगा रहे थे। एएमयू सर्किल पर छात्र संघ अध्यक्ष फैजुल हसन ने कहा कि आज प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं है। मुसलमान और दलितों पर हमले हो रहे हैं।
तीन तलाक पर मुसलमानों को भरमाने वाली भाजपा सरकार में औरतों की आबरू सुरक्षित नहीं है। प्रदेश में जंगल राज एवं गुंडाराज कायम है। इंग्लैंड की घटना पर ट्वीट करने वाले हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजमार्ग पर महिलाओं के साथ बलात्कार एवं सहारनपुर की घटना पर चुप्पी साध लेते हैं।
आज लोग अपनी मां, बहन एवं परिजनों के साथ बाहर निकलने से घबराते हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि भाजपा शासन ने पुलिस वालों से कह दिया है कि भगवाधारी लोग कुछ भी करें, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करें। जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन देकर सहारनपुर की जातीय संषर्ष की सीबीआई जांच कराने, राजमार्ग पर हुए हत्या एवं सामूहिक बलात्कार के दोषियों को सख्त सजा दिलाने, पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये की सहायता राशि देने, राजमार्ग पर सुरक्षा के लिए स्पेशल फोर्स का गठन करने की मांग की।