हरदुआगंज। गांव किढ़ारा में बुधवार को क्रिकेट मैच देखने गए एक युवक पर कुछ बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के पीछे दो साल पूर्व हुई दिनेश की हत्या की रंजिश बताई जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने घटना के आरोपियों की तलाश में जुटे हुए हैं।
गांव किढ़ारा निवासी श्रीचंद्र सिंह का बेटा चेतन कुमार उर्फ चीकू (27) बुधवार को गांव के बाहर हो रहे क्रिकेट मैच देखने के लिए गया था। मैच के खत्म होने के बाद चेतन घर के लिए चला ही था तभी बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। चेतन के कई गोलियां लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग होते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। इस घटना की जानकारी मिलते ही चेतन के परिजन मौके पर पहुंच गए, जब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से घटना की जानकारी की। एसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि चेतन और उसके भाई प्रदीप ने दो साल पूर्व अपने पड़ोसी दिनेश की हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद प्रदीप अभी तक जेल में है, जबकि चेतन कुछ माह से जमानत पर चल रहा था। देर शाम तक मृतक पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं आई थी लेकिन हत्या के पीछे दिनेश पक्ष का हाथ जरूर बता रहे हैं।