मुख्यमंत्री को 55 किलो वजनी ताला भेंट करते शहर विधायक।
- फोटो : अलीगढ़/ब्यूरो
अलीगढ़ का ताला गुरुवार से मुख्यमंत्री आवास कालीदास मार्ग लखनऊ में बन रहे विशेष संग्रहालय की शोभा बढ़ाने लगा है। शहर विधायक और लिंक लॉक्स के प्रमुख जफर आलम ने उन्हें ये खास ताला भेंट किया है।
शहर विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के कारोबार को प्रोत्साहन देने, विदेशी मेहमानों को उत्तर प्रदेश के प्रमुख उत्पादों से हर वक्त रूबरू कराने के लिए इस संग्रहालय को तैयार करा रहे हैं। तकरीबन चार महीने पहले उन्होंने एक ताले की ख्वाहिश जाहिर की थी। इसके बाद अलीगढ़ में लगभग साढ़े तीन महीने तक 15 कारीगरों की टीम ने इस ताले को हाथों से तैयार किया है। क्योंकि मशीनों की मदद से इतना बड़ा ताला नहीं बन सकता था। पांच फीट की ऊंचाई के इस ताले का वजन 55 किलो है, जिसकी चॉबी तीन किलो की है। इसका अंदर की हाउजिंग पीतल की, रीबीट स्टैनलैस स्टील, बॉडी स्टील की बनी हुई है। अभी तक की जानकारी में इतना बड़ा और वजनी ताला केवल मॉडल में तैयार हुआ है लेकिन वह खुलता या बंद नहीं होता है। लेकिन ये ताला अपनी चॉबी से खुलता और बंद भी होता है।
सीएम के सामने ही इस ताले को दो लोगों की मदद से खोला गया और फिर बंद किया गया। इस मौके पर कबीना मंत्री राजेंद्र सिंह, मुख्य सचिव आलोक रंजन, अलीगढ़ से कृपाल सिंह यादव और शान मियां आदि लोग मौजूद रहे।