अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के डोनर कोटे के 10 कोर्ट सदस्यों का कार्यकाल गुरुवार को समाप्त हो गया है। इसके साथ ही 11 जून को 42 कोर्ट सदस्य और छह निर्वाचित एग्जीक्यूटिव कमेटी सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। एएमयू में अब इस बात की चर्चा शुरू हो गई है कि क्या नए कुलपति के पैनल के पूर्व ईसी एवं कोर्ट सदस्यों का चुनाव होगा।
गुरुवार का दिन एएमयू कोर्ट में डोनर कोटे के 10 सदस्यों का तीन साल के कार्यकाल का आखिरी दिन था। इसमें सैयद नदीम अहमद, जलील मोहम्मद खान, खुर्शीद अहमद खान, खालिद मसूद (लखनऊ), इरशाद मिर्जा, मुशीर अहमद खान, डॉ. मैराजउद्दीन अहमद, मो. सलीम, खलिद मसूद (हापुड़) एवं एसएम सिबतैन नक्वी शामिल हैं। इसके साथ ही 11 जून को एएमयू कोर्ट के 42 सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। 11 जून को ही एएमयू एग्जीक्यूटिव काउंसिल के निर्वाचित (यूनिवर्सिटी स्टाफ नहीं) छह सदस्यों खालिद मसूद (लखनऊ), जफर इकबाल, एसएन पठान, कोकब हमीद, डॉ. शाहिद जमील एवं सफदर हसन खान का भी कार्यकाल समाप्त हो रहा है। एएमयू कोर्ट सदस्य खुर्शीद अहमद खान ने बताया कि आज उनके कार्यकाल का आखिरी दिन है। अब देखना है कि नए पैनल बनने के पहले इंतजामिया क्या कदम उठाती है। उन्होंने बताया कि एएमयू कोर्ट सदस्यों की कुल संख्या करीब 187 है। पहले से ही ओल्ड ब्वायज के 25 तथा स्टूडेंट कोटे का 15 पद खाली है। 9 जून को 10 एवं 11 जून को 42 कोर्ट सदस्यों का कार्यकाल पूरा होने के बाद एएमयू कोर्ट में करीब आधे स्थान रिक्त हो जाएंगे।