लंबे समय से खानपान और साफ-सफाई को लेकर आलोचनाओं का शिकार हो रहा भारतीय रेलवे बुधवार को एक बार विवादों में आ गया। वीआईपी ट्रेन स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस के फर्स्ट क्लास एसी कोच में सफर कर रही एक युवती को नाश्ते में दिए गए मटर कटलेट में जिंदा कीड़ा निकल आया।
कीडे़ सहित नाश्ते का फोटो खींच युवती ने लखनऊ निवासी अपने एक रिश्ते के भाई को भेज दिया। युवती के भाई ने फौरन फोटो को रेल मंत्री पीयूष गोयल को ट्वीट कर शिकायत की। शिकायत होते ही एनसीआर के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। दस मिनट बाद मामले में कार्रवाई की गई।
ट्वीट कर रेल मंत्री से शिकायत करने वाले युवती के भाई विकास बाबू निवासी अलीगंज, लखनऊ ने बताया कि उनकी बहन दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कालेज से स्नातक की पढ़ाई कर रही है। बुधवार को वह नई दिल्ली से लखनऊ आने के लिए स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस में सुबह 6:10 बजे सवार हुई थी।
गाड़ी के सुबह 7:50 बजे अलीगढ़ जंक्शन के पास पहुंचते ही बहन को नाश्ते में मटर कटलेट दिया गया। नाश्ते में मटर के साथ बहन को एक हरे रंग का जिंदा कीड़ा दिखा। उसने तत्काल उसका फोटो खींच मुझे भेजा। मैंने उसे रेल मंत्री पीयूष गोयल को ट्वीट कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत होने के एनसीआर के अधिकारियों ने आईआरसीटीसी के अधिकारियों से संपर्क किया। दस मिनट बाद ही बहन को दूसरा नाश्ता दिया गया। मगर उसने खाने से इंकार कर दिया।
उत्तर मध्य रेलवे मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुनील गुप्ता ने कहा कि एनसीआर ट्रेन में यात्रियों को खाना परोसने की जिम्मेदारी आईआरसीटीसी की है। यात्री के भाई के ट्वीट के बाद तुरंत समस्या का समाधान किया गया। साथ ही आईआरसीटीसी के अधिकारियों को खाने की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।