अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने कोविड-19 की महामारी को देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज में बुनियादी ढांचे और बच्चों तथा अन्य लोगों से संबंधित चिकित्सा सुविधाओं के उन्नयन के लिए एक समिति का गठन किया है।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज को मिले 29 नए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, 6 टन लिक्विड ऑक्सीजन की सप्लाई और कोरोना संक्रमण के मामलों में आ रही गिरावट से स्थिति में काफी सुधार आया है। 20 दिन पहले जो जटिल स्थिति बनी थी अब ऐसा नहीं है। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर्स का मानना है कि आने वाले दिनों में संक्रमण के मामले कम होते हैं तो उससे और भी हालत में सुधार आएगा। इधर मेडिकल कॉलेज में संसाधनों को विस्तार दिए जाने का काम भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में जेएन मेडिकल कॉलेज में बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के विस्तार के लिए समिति का गठन किया गया है। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी उमर सलीम पीरजादा ने बताया कि 12 सदस्यीय समिति में एएमयू रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद आईपीएस संयोजक होंगे। इसके अलावा विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी, प्रिंसिपल जेएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मेडिसिन संकाय के डीन, चिकित्सा अधीक्षक, प्रो. एस अमजद अली रिजवी (अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रभारी ट्रॉमा सेंटर) और मेडिसिन विभाग, बाल रोग चिकित्सा विभाग, एनेस्थिसियोलॉजी विभाग तथा टीबी एवं छाती रोग विभाग के प्रमुख, प्रो मोहम्मद शमीम (टीबी एवं छाती रोग विभाग) तथा ओएसडी डेवलपमेंट शामिल होंगे। जेएन मेडिकल कॉलेज में संक्रमण के मरीजों के लिए 50 बेड की क्षमता का विस्तार अलग से किया गया है। यहां पर कुपोषण से ग्रस्त बच्चों के लिए अलग से विभाग कार्य कर रहा है। इसके अलावा वह बच्चे जिनके जन्मजात हृदय में छेद की समस्या है, उनके लिए भी सर्जरी और उपचार की पूरी व्यवस्था है।