35 गेंदों में 116 रन ठोककर बने प्लेयर ऑफ द मैच, टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर बनाया
अलीगढ़। श्री महेश्वर इंटर कॉलेज मैदान पर हरिगढ़ वार्ष्णेय क्रिकेट क्लब (एचवीसीसी) की ओर से आयोजित टी-10 चैंपियनशिप में एचवीसीसी रुद्रास ने एचवीसीसी गोरखास को 43 रन से हरा दिया।
टॉस जीतकर गोरखास ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी रुद्रास ने निर्धारित 10 ओवर में एक विकेट पर 172 रन बनाए। यह टूर्नामेंट का अब तक का सर्वाधिक स्कोर है। गौरव रॉक ने अपनी पारी में 16 चौके और सात छक्के लगाए, जबकि अभिषेक आशु ने 17 गेंदों में 40 रन बनाए। गोरखास की ओर से सोनू एडाप्टर को एक विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखास की टीम सात विकेट पर 129 रन ही बना सकी। हर्षित ने 52, हर्ष ने 42 और विशाल ने 25 रन बनाए। रुद्रास की ओर से ऋषभ रेशु और गौरांग ने दो-दो विकेट हासिल किए।
गौरव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। संयोजक सुमित एडमिन ने बताया कि लीग चरण के अब दो मुकाबले शेष हैं। अंकतालिका में शीर्ष पर रहने वाली दो टीमों के बीच फाइनल खेला जाएगा। अगला मुकाबला एचवीसीसी शूरवीर्स और एचवीसीसी कमांडर्स के बीच होगा।
इस अवसर पर अंकुर आनंद, तरुण सैमसंग, मुनील, नीरज, लव, हिमांशु, आशु, प्रीनाल केपी, रितेश, विशाल एमएचपी आदि मौजूद रहे।