गांव रामगढ़ी में महिला सभा के दौरान मौजूद समूह की पदाधिकारी
- फोटो : samvad
टप्पल ब्लॉक की ग्राम पंचायत मालव के मजरा रामगढ़ी में महिला समूह की बैठक कोषाध्यक्ष अनीता के निवास पर हुई। इसमें गांव के विकास से जुड़े मुद्दों पर महिलाओं ने अपनी बात रखी। तय हुआ कि समूह की महिलाएं पंचायत के समक्ष जनहित के मुद्दे रखेंगी।
बैठक में महिलाओं ने चार्ट के माध्यम से गांव की प्रमुख समस्याओं, जरूरतों और विकास से जुड़े मुद्दों को चिह्नित किया। इसमें मुख्य रूप से स्वास्थ्य, संस्थागत मजबूती, शिक्षा, आजीविका, सरकारी योजनाओं की हकदारी तथा आधारभूत संरचना जैसे सड़क, पेयजल और बिजली आदि पर चर्चा की गई। अपने अनुभव साझा करते हुए इन क्षेत्रों में आवश्यक सुधार पर जोर दिया।
कहा कि इसके बाद गांव में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार होगा। विशेष रूप से स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, बच्चों की बेहतर शिक्षा, रोजगार एवं आजीविका के अवसर, पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा गांव में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। महिलाओं ने तय किया कि जनहित के संकलित सभी मुद्दों को जल्द ही ग्राम पंचायत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
ग्राम संगठन की अध्यक्ष चंद्रावती, सचिव भूरी सहित सक्रिय महिला सदस्य गुंजन, कुसुम, गीता, राजवती, शीला और गुड्डन ने भी अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।