गांधी पार्क थाना क्षेत्र के नगला मानसिंह में मंगलवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ससुरालियों पर दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या किए जाने का मुकदमा मायके पक्ष ने दर्ज कराया है। पुुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के पति पर अवैध संबंधों का भी आरोप है।
हेमा (26) निवासी हरदासपुर, लोधा की शादी चार वर्ष पहले नगला मानसिंह के अजय से हुई थी। ससुरालियों के मुताबिक मंगलवार सुबह बेटी की ससुराल के पड़ोस में रहने वाले लोगों ने उसकी गला घोंटकर हत्या किए जाने की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर देखा तो बेटी का शव घर में पड़ा था। पति सहित सभी ससुराल वाले फरार थे। सूचना देकर पुलिस को बुलाया। आरोप है कि बेटी का पति अजय शादी में दिए दहेज से खुश नहीं था। आए दिन अतिरिक्त दहेज की मांग करता था। साथ ही उसके एक युवती से अवैध संबंध भी हैं। बेटी इसका विरोध करती तो उसके साथ कई बार मारपीट की गई। घटना से गुस्साए मायके वालों ने पुलिस के सामने हंगामा काटते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। जैसे-तैसे मामला शांत कराने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इंस्पेक्टर गांधी पार्क सुधीर कुमार धामा के मुताबिक परिवारीजनों की तहरीर के आधार पर पति अजय, ससुर छत्रपाल, सास, जेठ समेत आठ के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अवैध संबंधों की भी बात सामने आ रही है। मामले की जांच जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।