रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म तीन से कानपुर के लिए रवाना हुई नीलांचल एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान एक महिला पैर फिसलने के चलते बोगी व प्लेटफार्म के बीच में फंस गई। ट्रेन में सवार यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। चीख पुकार सुन पहुंचे आरपीएफ कर्मियों ने महिला को रेस्क्यू कर बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के बाएं पैर का पंजा घायल हो गया।
वाकया सुबह 9:13 बजे का है। दिल्ली से आने वाली नीलांचल एक्सप्रेस प्लेटफार्म तीन से कानपुर की ओर रवाना हो रही थी। तभी मुरादाबाद के सिविल लाइन इलाके के साकेत मोहल्ला की रहने वाली कुसुम गुप्ता व उनका दमाद योगेश कुमार सिंगल निवासी गजरौला, अमरोहा दौड़ते हुए प्लेटफार्म पर पहुंचे और डी-1 कोच में सवार होने लगे। कुसुम गुप्ता का पैर फिसल गया और वह सीधे प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच में फंस गई।
दामाद के शोर मचाने पर यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक लिया। प्लेटफार्म पर तैनात एएसआई ओमवीर व कांस्टेबल काजल कुमारी दौड़ती हुई पहुंची, उन्होंने रेस्क्यू कर अन्य लोगों की मदद से महिला को बाहर निकाला। आरपीएफ अलीगढ़ पोस्ट कमांडर चमन सिंह तोमर के मुताबिक महिला के बाएं पैर के पंजे में गंभीर चोट आई है।
तत्काल रेलवे अस्पताल के डॉक्टरों को बुलाया गया। उन्होंने उपचार के बाद महिला को निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। महिला के दामाद ने बताया कि वह अपने भाई के घर पर अलीगढ़ आई थीं। यहां से फिरोजाबाद में मामा की बेटी के तेरहवीं संस्कार में जा रहीं थीं। महिला की हालत खतरे से बाहर है।