गंदे पानी में होकर चेयरमैन संजीव अग्रवाल को ले जाती महिला।
- फोटो : amar ujala
ब्लॉक कालोनी पर कुछ गलियों में वर्षों से गंदे पानी के भराव से आजिज महिलाओं ने शनिवार को अलीगढ़-पलवल मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे पालिका चेयरमैन को कुछ महिलाएं जबरन गंदे पानी से होकर गली में ले गईं। इसी बीच एक महिला ने धक्का देकर चेयरमैन को गंदे पानी में गिरा दिया। इससे चेयरमैन के कपड़े गंदे पानी में गीले हो गए।
चेयरमैन ने एडीएम प्रशासन को फोन कर लोगों की समस्या बताई। इसके बाद तहसीलदार और इंस्पेक्टर मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने रविवार से नाला निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। इस दौरान करीब एक घंटे तक दोनों तरफ वाहनों की कतारों में एंबुलेंस भी फंसी रही।
अनाज मंडी के निकट एक गली में जलभराव की यह समस्या है। पालिका ने गंदे पानी को हटाने के लिए मोटर पंप लगा रखी है लेकिन इससे गली के साथ सड़क व उसके दूसरी ओर भी गंदगी जमा हो रही है। बाइक सवार गिरकर चुटहिल हो रहे हैं। शनिवार को महिलाओं ने गली के सामने अलीगढ़-पलवल मार्ग पर बेंच डालकर जाम लगा दिया।
सूचना पर चेयरमैन संजीव अग्रवाल पहुुंच गए तो महिलाओं ने उन्हें घेरकर खूब खरीखोटी सुनाई। इसके साथ ही जबरन चेयरमैन को गंदे पानी में पैदल ले गईं। इसी बीच एक महिला ने धक्का देकर उन्हें पानी में गिरा दिया। उन्होंने महिलाओं को समझाया कि नाला निर्माण में कुछ लोग बाधा डाल रहे हैं। एडीएम प्रशासन डीबी पाल को फोन कर जानकारी दी। एडीएम के निर्देश पर तहसीलदार जयप्रकाश व इंस्पेक्टर अजेंद्र कुमार ने पहुंचकर महिलाओं को समझाया। चेयरमैन व ईओ ने रविवार से नाला निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया जिस पर महिलाएं मानीं।
चेयरमैन संजीव अग्रवाल ने बताया कि नाला निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया हो चुकी है। नाला सड़क से 45 फीट पर बनना है। कुछ लोगों ने दुकानें बढ़ाकर अतिक्रमण कर रखा है। वे अतिक्रमण नहीं हटा रहे हैं। नाला निर्माण रोकने का प्रयास कर रहे हैं। समस्या के दृष्टिगत मंडी गेट से नाला निर्माण रविवार से ही शुरू करा दिया जाएगा। आगे का अतिक्रमण हटवाने के लिए लोनिवि, एसडीएम व अपर जिलाधिकारी को पत्र भेजा जा रहा है। संयुक्त कार्रवाई कर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। जनहित में नाला निर्माण कराकर ही दम लेंगे।
मौके पर पहुंचते ही कुछ महिलाएं मुझे गली में भरा गंदा पानी दिखाने ले गईं। एक महिला जिसने मुंह ढक रखा था उसने मुझे धक्का देकर गंदे पानी में गिरा दिया। मैं नहीं जानता कि वह कौन थी? इसलिए कोई कार्रवाई भी नहीं की। मेरे सारे कपड़े गंदे पानी में गीले हो गए, जिस पर घर जाकर मैने नहाया।