इगलास कस्बा के एक मोहल्ला में महिला से छेड़छाड़, मारपीट और घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने तीन नामजद समेत एक अज्ञात युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि 17 मई की रात करीब सवा नौ बजे उनकी पत्नी जाहरवीर मंदिर के पास नल से पानी लेने जा रही थीं। आरोप है कि गली में अंधेरे का फायदा उठाकर अतुल, राहुल और विपिन ने महिला से गाली-गलौज की। उन्होंने अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ की और भद्दी गालियां दीं। अतुल ने ईंट मारकर महिला का सिर फोड़ दिया। राहुल और विपिन ने उसके कपड़े फाड़ दिए तथा गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया।
घर में घुसकर भी हमला
महिला की चीख-पुकार सुनकर पति मौके पर पहुंचे। उनके साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घायल पत्नी को घर लाने के बाद आरोपी एक अज्ञात युवक के साथ लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और परिवार के अन्य लोगों से मारपीट की। शोर-शराबा होने पर भीड़ जुटी और आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। कोतवाल दिनेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि घटना की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।